प्रधानमंत्री मोदी ने नीरदलैंड में प्रतिष्ठित बांध का दौरा किया; जल प्रबंधन में सहयोग की उम्मीद जताई

Ads

प्रधानमंत्री मोदी ने नीरदलैंड में प्रतिष्ठित बांध का दौरा किया; जल प्रबंधन में सहयोग की उम्मीद जताई

  •  
  • Publish Date - May 17, 2026 / 05:03 PM IST,
    Updated On - May 17, 2026 / 05:03 PM IST

हेग, 17 मई (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नीदरलैंड के प्रधानमंत्री रॉब जेटेन के साथ रविवार को प्रतिष्ठित अफस्लुइटडिज्क बांध का दौरा किया।

भारत और नीदरलैंड के बीच जल प्रबंधन और जलवायु-लचीले बुनियादी ढांचे में गहन सहयोग की संभावनाओं का पता लगाने के मद्देनजर ये दौरा हुआ है।

मोदी ने दौरे के बाद सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ‘‘जल प्रबंधन एक ऐसा क्षेत्र है, जिसमें नीदरलैंड ने अभूतपूर्व कार्य किया है। इससे पूरा अंतरराष्ट्रीय समुदाय बहुत कुछ सीख सकता है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम भारत में आधुनिक प्रौद्योगिकी लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं, जिसका उद्देश्य सिंचाई, बाढ़ सुरक्षा और अंतर्देशीय जलमार्ग नेटवर्क के विस्तार में सहायता करना है।’’

विदेश मंत्रालय ने अफस्लुइटडिज्क बांध को ‘‘उत्कृष्टता और नवाचार का प्रतीक’’ बताते हुए जल प्रबंधन, बाढ़ सुरक्षा और मीठे पानी के भंडारण में इसकी भूमिका पर प्रकाश डाला।

मंत्रालय ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘इस दौरे ने गुजरात में कल्पसर परियोजना के लिए डच विशेषज्ञता के महत्व को रेखांकित किया, जिसका उद्देश्य खंभात की खाड़ी के पास एक मीठे पानी का जलाशय और बांध बनाना है।’’

मंत्रालय ने कहा, ‘‘इस यात्रा ने जलवायु परिवर्तन से निपटने की क्षमता, जल प्रौद्योगिकी और टिकाऊ बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में भारत-नीदरलैंड सहयोग को और गहरा करने के अवसरों पर जोर दिया।’’

भाषा शफीक दिलीप

दिलीप