(शिरिष बी प्रधान)
काठमांडू, आठ जून (भाषा) नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्पकमल दाहाल ‘प्रचंड’ नरेन्द्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने के लिए रविवार को नयी दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
मोदी लगातार तीसरी बार भारत के प्रधानमंत्री का पद संभालने जा रहे हैं। मोदी का शपथ ग्रहण समारोह रविवार शाम को होगा।
विदेश मंत्रालय द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है, ‘‘प्रधानमंत्री प्रचंड नौ जून को नयी दिल्ली में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह के लिए प्रधानमंत्री मोदी के निमंत्रण पर रविवार से भारत की आधिकारिक यात्रा पर जा रहे हैं।’’
बयान में कहा गया, ‘‘प्रधानमंत्री के साथ उनकी बेटी गंगा दाहाल, विधि, न्याय एवं संसदीय कार्य मंत्री पदम गिरि तथा नेपाल सरकार के उच्च अधिकारी जायेंगे।’’
इसके अनुसार प्रचंड 10 जून को स्वदेश लौटेंगे।
इससे पहले मंगलवार को प्रचंड ने मोदी को उनकी पार्टी के नेतृत्व वाले गठबंधन को चुनाव में मिली सफलता के लिए बधाई दी थी।
प्रचंड की इससे पहले भारत की आधिकारिक यात्रा पिछले वर्ष चार से सात अक्टूबर तक हुई थी।
भाषा
देवेंद्र माधव
माधव