कीव, चार अप्रैल (एपी) रूस और यूक्रेन द्वारा शुक्रवार रात और शनिवार सुबह एक दूसरे के ठिकानों को निशाना बनाकर किये हमले में कम से कम 10 लोग मारे गए जबकि कई अन्य घायल हो गए। दोनों देशों के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
रूस द्वारा ये हमले ऐसे समय किये गए हैं, जब यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की तुर्किये के अपने समकक्ष रजब तैय्यब एर्दोआन के साथ वार्ता के लिए इस्तांबुल की यात्रा पर हैं। जेलेंस्की का ‘ईस्टर्न ऑर्थोडॉक्स क्रिश्चियन’ के आध्यात्मिक नेता, इक्यूमेनिकल पैट्रिआर्क बार्थोलोम्यू से भी मुलाकात करने का कार्यक्रम है।
जेलेंस्की ने इस्तांबुल पहुंचने के बाद मैसेजिंग ऐप ‘टेलीग्राम’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘हम यूरोप और पश्चिम एशिया में जीवन की वास्तविक सुरक्षा सुनिश्चित करने, स्थिरता को बढ़ावा देने और सुरक्षा की गारंटी देने के लिए अपनी साझेदारी को मजबूत करने के लिए काम कर रहे हैं। संयुक्त प्रयास हमेशा सर्वोत्तम परिणाम देते हैं।’’
यूक्रेन की वायु सेना ने एक ऑनलाइन बयान में कहा कि रूस ने शुक्रवार की रात को 286 ड्रोन हमले किये, जिनमें से 260 को मार गिराया गया।
क्षेत्रीय सैन्य प्रशासन के प्रमुख ओलेक्सांद्र हंझा ने बताया कि निप्रोपेत्रोव्स्क क्षेत्र के निकोपोल शहर में तीन महिलाओं और दो पुरुषों सहित पांच लोग मारे गए, जबकि 14 किशोरी सहित 19 अन्य घायल हो गए।
पुलिस ने बताया कि रूस की सीमा से कुछ ही दूरी पर स्थित सूमी शहर में हुए हमले में 15 वर्षीय किशोर सहित 11 लोग घायल हो गए। इन हमलों में कई घरों, कार और बिजली-पानी की आपूर्ति व्यवस्था को नुकसान पहुंचा है।
कोस्त्यंत्यनिवका शहर के सैन्य प्रशासन के प्रमुख सेरही होर्बुनोव के अनुसार, आंशिक रूप से कब्जे वाले दोनेत्स्क क्षेत्र में, शनिवार सुबह कोस्त्यंत्यनिवका-द्रुझकिवका सड़क पर एक रूसी ड्रोन हमले में एक नागरिक की कार को निशाना बनाया गया, जिसमें एक महिला की मौत हो गई और दूसरी घायल हो गई।
रूस के रक्षा मंत्रालय ने शनिवार को दावा किया कि उसकी सेनाओं ने अज्ञात यूक्रेन की सेना द्वारा इस्तेमाल किये जाने वाले ‘सैन्य-औद्योगिक और ऊर्जा केंद्रों’’ पर ‘‘लंबी दूरी की हवाई और जमीनी हथियारों से’ हमला किया।
इसी बीच, रूस ने यूक्रेन से छीने गए लुहांस्क क्षेत्र के लिए नियुक्त प्रमुख लियोनिद पासेचनिक ने कहा कि यूक्रेन की सेना ने क्षेत्र में रेलवे के बुनियादी ढांचे और निजी घरों पर हमला किया, जिसमें पत्नी-पत्नी और उनका आठ साल का बच्चा सहित एक परिवार के तीन सदस्य मारे गए।
मंत्रालय ने एक अलग बयान में कहा कि रूसी सेना ने शुक्रवार रात को नौ रूसी क्षेत्रों, कब्जे वाले क्रीमिया क्षेत्र और काला सागर के ऊपर यूक्रेन के 85 ड्रोन मार गिराये।
यूक्रेन की सीमा से लगे रूस के रोस्तोव क्षेत्र के गवर्नर यूरी स्लीसर ने बताया कि यूक्रेन के हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। उन्होंने बताया कि हमले के कारण एक अज्ञात लॉजिस्टिक्स कंपनी के गोदाम में और तट से कुछ किलोमीटर दूर विदेशी झंडा लगे एक मालवाहक जहाज में भी आग लग गई।
एपी धीरज माधव
माधव