(शिरीष बी. प्रधान)
काठमांडू, चार अप्रैल (भाषा) संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की हवाई रक्षा प्रणाली द्वारा रोके गए मिसाइल के मलबे से अबू धाबी में घायल हुए सात नेपाली नागरिक अब ‘‘खतरे से बाहर हैं’’। नेपाल के विदेश मंत्रालय ने शनिवार को यह जानकारी दी।
मंत्रालय के प्रवक्ता लोक बहादुर छेत्री के अनुसार, ‘‘घायलों में से छह लोग इलाज के बाद काम पर लौट चुके हैं, जबकि एक अब भी चिकित्सकीय देखरेख में है।’’
उन्होंने कहा कि पश्चिम एशियाई देशों में बढ़ते संघर्ष के कारण विदेश मंत्रालय के अधिकारी स्थिति के बारे में जानकारी जुटाने के लिए छुट्टियों के दिनों में भी काम कर रहे हैं।
दुबई स्थित नेपाली दूतावास ने भी शुक्रवार को घायल हुए सभी लोगों के खतरे से बाहर होने की पुष्टि की है।
दूतावास ने सूचित किया है कि वह घायल नेपाली नागरिकों के संपर्क में है। दूतावास के अधिकारियों ने उन चार लोगों से मुलाकात की, जिन्हें उपचार के बाद अस्पताल से शुक्रवार को छुट्टी मिल चुकी है।
छेत्री ने कहा, ‘‘उन चारों की हालत ठीक है और आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए समन्वय जारी है।’’
उन्होंने बताया कि अस्पताल में इलाज करा रहे नेपाली नागरिक की हालत में सुधार हो रहा है और कुछ दिनों में उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिलने की उम्मीद है।
भाषा यासिर रंजन
रंजन
रंजन