कीव, सात मार्च (एपी) यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर खारकीव में शनिवार को एक रूसी मिसाइल के पांच मंजिला आवासीय इमारत पर गिरने से कम से कम सात लोग मारे गए और तीन बच्चों समेत 10 अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने हमले की निंदा की और अंतरराष्ट्रीय प्रतिक्रिया का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि रूस ने रातभर में यूक्रेन पर 29 मिसाइलों और 480 ड्रोन से हमला किया, जिसमें कीव और अन्य मध्य क्षेत्रों में ऊर्जा सुविधाओं को निशाना बनाया गया और देशभर में कम से कम सात अन्य स्थानों पर भी नुकसान की खबर है।
प्रारंभिक आंकड़ों के अनुसार, वायु रक्षा प्रणालियों ने 19 मिसाइल और 453 ड्रोन को मार गिराया, जबकि नौ मिसाइल और 26 हमलावर ड्रोन द्वारा 22 स्थानों पर हमले दर्ज किए गए।
यूक्रेन के उत्तर-पूर्वी हिस्से में स्थित खारकीव में, आपातकालीन कर्मी मलबे में जीवित बचे लोगों की तलाश कर रहे हैं।
स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, कीव क्षेत्र में तीन जिलों में मलबे से नुकसान की सूचना मिली है। दक्षिणी ओडेसा क्षेत्र में, कई ड्रोन हमलों के बाद बुनियादी ढांचा सुविधाओं में लगी भीषण आग से निपटने में मदद के लिए 80 दमकलकर्मियों को बुलाया गया।
यूक्रेन की सरकारी रेल संचालक कंपनी, उक्रज़ालिज़्नित्सिया ने कहा कि रेल बुनियादी ढांचे को हुए नुकसान के कारण देश के मध्य-पश्चिम में कई मार्गों में बदलाव करना पड़ा।
जेलेंस्की ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “जीवन के खिलाफ इन बर्बर हमलों का साझेदारों की ओर से जवाब होना चाहिए।”
उन्होंने कहा, “रूस ने यूक्रेन के आवासीय और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को नष्ट करने के अपने प्रयासों को नहीं छोड़ा है, इसलिए समर्थन जारी रखना आवश्यक है। हम अपने लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यूरोपीय संघ के साथ सक्रिय सहयोग पर भरोसा करते हैं। हमारी सुरक्षा को मजबूत करने में मदद करने वाले सभी लोगों के प्रति मैं आभारी हूं।”
एपी प्रशांत देवेंद्र
देवेंद्र