भारत से सिख तीर्थयात्री जोर मेला के लिए पाकिस्तान पहुंचे

Ads

भारत से सिख तीर्थयात्री जोर मेला के लिए पाकिस्तान पहुंचे

  •  
  • Publish Date - June 8, 2024 / 09:30 PM IST,
    Updated On - June 8, 2024 / 09:30 PM IST

(एम. जुल्करनैन)

लाहौर, आठ जून (भाषा) भारत के 800 से अधिक सिख श्रद्धालु गुरु अर्जुन देव जी के शहीदी दिवस पर लगने वाले तीन दिवसीय जोर मेले में भाग लेने के लिए शनिवार को यहां पहुंचे।

जोर मेला 15 जून से यहां गुरुद्वारा डेरा साहिब में आयोजित किया जाएगा।

‘इवैक्यूई ट्रस्ट प्रॉपर्टी बोर्ड’ (ईटीपीबी) के अधिकारी गुलाम मोह्युद्दीन ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि पाकिस्तान सिख गुरुद्वारा प्रबंधक समिति के अध्यक्ष एवं पंजाब के अल्पसंख्यक मंत्री रमेश सिंह अरोड़ा और ईटीपीबी के वरिष्ठ अधिकारियों ने वाघा सीमा पर 846 सिख तीर्थयात्रियों का स्वागत किया।

सिख तीर्थयात्रियों ने पाकिस्तान आगमन पर खुशी व्यक्त की।

श्रद्धालुओं के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करने वाले गुरबचन सिंह ने कहा, ‘‘हमें अपने गुरु की भूमि के दर्शन का अवसर मिलेगा। मुझे बहुत खुशी हो रही है।’’

पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के पहले सिख मंत्री अरोड़ा ने कहा कि तीर्थयात्रियों के लिए सभी व्यवस्थाएं ईटीपीबी द्वारा की गई हैं, जो देश में अल्पसंख्यकों के मामलों को देखता है।

उन्होंने कहा कि तीर्थयात्रियों की सुरक्षा, आवाजाही और चिकित्सा सुविधाओं के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।

लाहौर पहुंचने के तुरंत बाद भारतीय सिख श्रद्धालु यहां से लगभग 400 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में हसनअब्दाल स्थित गुरुद्वारा पंजा साहिब के लिए रवाना हो गए।

अपने 10 दिवसीय दौरे के दौरान, भारतीय सिख तीर्थयात्री गुरुद्वारा जन्म स्थान, ननकाना साहिब; गुरुद्वारा सच्चा सौदा, फरुकाबाद; गुरुद्वारा करतारपुर साहिब, नरोवाल और गुरुद्वारा रोहड़ी साहिब, अमीनाबाद भी जाएंगे। वे 17 जून को लौटेंगे।

भाषा शफीक पवनेश

पवनेश