हिंदू कुश हिमालय क्षेत्र में हिम चादर लगातार चौथे साल निम्न स्तर पर : आईसीआईएमओडी

Ads

हिंदू कुश हिमालय क्षेत्र में हिम चादर लगातार चौथे साल निम्न स्तर पर : आईसीआईएमओडी

  •  
  • Publish Date - April 24, 2026 / 04:55 PM IST,
    Updated On - April 24, 2026 / 04:55 PM IST

(शिरीष बी प्रधान)

काठमांडू, 24 अप्रैल (भाषा) एक रिपोर्ट के अनुसार गंगा बेसिन 2026 में सामान्य से अधिक बर्फ वाले 12 क्षेत्रों में शामिल रहा जबकि हिंदू कुश हिमालय में बर्फ की मात्रा लगातार चौथे वर्ष सामान्य से कम रही और पिछले वर्ष के रिकॉर्ड-निम्न स्तर से भी नीचे चली गयी। शुक्रवार को एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गयी है।

‘इंटरनेशनल सेंटर फॉर इंटीग्रेटेड माउंटेन डेवलपमेंट’ (आईसीआईएमओडी) द्वारा जारी हिंदू कुश हिमालय (एचकेएच) संबंधी एक वार्षिक रिपोर्ट है। आईसीआईएमओडी एचकेएच क्षेत्र में मौसमी हिमपात पर नजर रखता है और नवंबर से मार्च तक शीतकालीन महीनों में बर्फ की स्थिति का आकलन करता है।

वर्ष 2003 से 2026 के बीच, एचकेएच क्षेत्र में 14 ऐसी सर्दियां रहीं जब सामान्य से कम बर्फ जमी। यह एक आवर्ती पैटर्न के रूप में उभर रहा है, विशेष रूप से हाल के वर्षों में ऐसी प्रवृति में वृद्धि नजर आयी है।

एचकेएच संबंधी अद्यतन रिपोर्ट में कहा गया है, ‘‘2026, लगातार चौथा वर्ष है जब बर्फ की मात्रा सामान्य से कम है। बर्फ की मात्रा औसत से 27.8 प्रतिशत कम होकर पिछले वर्ष के 23.6 प्रतिशत के रिकॉर्ड निम्न स्तर से भी कम हो गई।’’

इस रिपोर्ट में कहा गया है, ‘‘लगातार हो रही यह गिरावट दुनिया की सबसे ऊंची पर्वत श्रृंखला में मौसमी बर्फ भंडार के कम होने का संकेत देती है, जिससे एचकेएच से निकलने वाले 12 प्रमुख नदी बेसिनों पर निर्भर लगभग दो अरब लोगों की जल सुरक्षा पर खतरा बढ़ गया है।’’

इनमें से दस बेसिनों में अब बर्फ की मात्रा सामान्य से कम है। आईसीआईएमओडी की रिपोर्ट के अनुसार, मेकांग, तारिम और तिब्बती पठार में पिछले 24 वर्षों की निगरानी में बर्फ का सबसे कम स्तर दर्ज किया गया है।

केवल दो बेसिनों में बर्फ की मात्रा सामान्य से अधिक दर्ज की गई: गंगा में 16.3 प्रतिशत और इरावदी में 21.8 प्रतिशत, जिससे स्थानीय स्तर पर कुछ राहत मिली है, लेकिन यह क्षेत्रीय संकट को कम करने के लिए अपर्याप्त है।

रिपोर्ट के अनुसार, “इसके विपरीत, मेकांग नदी में 59.5 प्रतिशत, तिब्बती पठार में 47.4 प्रतिशत और सालवीन नदी में 41.8 प्रतिशत की भारी कमी हुई है।”

रिपोर्ट के लेखक शेर मुहम्मद ने कहा, “हम जो देख रहे हैं वह एक निरंतर प्रवृत्ति है जहां मौसमी बर्फ भंडार साल दर साल सिकुड़ रहा है।”

उन्होंने कहा, “2026 के आंकड़े एक निर्णायक मोड़ की पुष्टि करते हैं: बारह में से दस बेसिन सामान्य स्तर से नीचे हैं, और कई दो दशकों में अपने सबसे निचले स्तर पर पहुंच गए हैं।’’

भाषा राजकुमार अविनाश

अविनाश