(सज्जाद हुसैन)
इस्लामाबाद, 22 फरवरी (भाषा) सोमालिया 24 जेएफ-17 थंडर ब्लॉक तीन लड़ाकू जेट खरीदने के लिए पाकिस्तान से बातचीत कर रहा है। यह जानकारी यहां रविवार को मीडिया की एक खबर से मिली।
‘द न्यूज’ ने विदेशी मीडिया के हवाले से बताया कि इस महीने की शुरुआत में सोमाली वायुसेना के कमांडर महमूद शेख अली की इस्लामाबाद यात्रा के बाद बातचीत में तेजी आयी।
जेएफ-17 थंडर एकल-इंजन वाला एक हल्का लड़ाकू विमान है, जिसे चीन की चेंगदू एयरक्राफ्ट कॉर्पोरेशन (सीएसी) और पाकिस्तान एयरोनॉटिकल कॉम्प्लेक्स (पीएसी) द्वारा संयुक्त रूप से विकसित किया गया है।
हालांकि, पाकिस्तान का दावा है कि पिछले साल भारत के साथ हुए संघर्ष के दौरान इस विमान ने अपनी क्षमता साबित की थी, लेकिन इसकी प्रभावशीलता स्पष्ट रूप से ज्ञात नहीं है।
विशेषज्ञों और सैन्य अधिकारियों के अनुसार, पाकिस्तान ने 7-10 मई को भारत के साथ हुए संघर्ष के दौरान चीन निर्मित चेंगदू जे-10 लड़ाकू विमानों का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया था।
‘द न्यूज’ ने रविवार को, सोमालिया के रक्षा मंत्रालय के एक अधिकारी के हवाले से कहा, ‘‘हमारे हवाई क्षेत्र की सुरक्षा सोमाली हाथों से ही होनी चाहिए।’ उन्होंने इस खरीद को केवल हथियारों की खरीद का प्रयास नहीं, बल्कि राजनीतिक संप्रभुता और संस्थागत पुनरुत्थान का प्रतीक बताया।
‘द न्यूज’ के अनुसार, यदि यह समझौता साकार होता है, तो 90 करोड़ अमेरिकी डॉलर का यह सौदा शीतयुद्ध के बाद से सोमालिया का सबसे बड़ा रक्षा निवेश होगा।
यह पहली बार नहीं है, जब पाकिस्तान ने दावा किया है कि उसके जेट विमानों के कई खरीदार हैं। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने 14 जनवरी को दावा किया था कि पिछले साल भारत के साथ हुए संघर्ष के बाद कई देश पाकिस्तान से लड़ाकू विमान खरीदने के लिए बातचीत कर रहे हैं।
भाषा अमित दिलीप
दिलीप