एएनसी की एकता सरकार योजना पर अहम वार्ता कर रहे हैं दक्षिण अफ्रीकी विपक्षी दल, गतिरोध कायम

एएनसी की एकता सरकार योजना पर अहम वार्ता कर रहे हैं दक्षिण अफ्रीकी विपक्षी दल, गतिरोध कायम

एएनसी की एकता सरकार योजना पर अहम वार्ता कर रहे हैं दक्षिण अफ्रीकी विपक्षी दल, गतिरोध कायम
Modified Date: June 7, 2024 / 06:18 pm IST
Published Date: June 7, 2024 6:18 pm IST

जोहानिसबर्ग, सात जून (भाषा) दक्षिण अफ्रीका के विपक्षी दल राष्ट्रीय एकता की सरकार का हिस्सा बनने के लिए सत्तारूढ़ अफ्रीकन नेशनल कांग्रेस (एएनसी) के प्रस्ताव पर विचार करने के लिए शुक्रवार को बैठक कर रहे हैं और उनकी यह बातचीत अगले सप्ताह तक जारी रहेगी।

पिछले सप्ताह हुए अत्यंत प्रतिस्पर्धी चुनाव में एएनसी बहुमत हासिल करने में असफल रही। उसने एकता सरकार (गठबंधन) का प्रस्ताव रखा लेकिन कुछ विपक्षी पार्टियां गहरे मतभेदों के कारण इसे अस्वीकार कर रही हैं।

मुख्य विपक्षी डेमोक्रेटिक अलायंस (डीए) के वरिष्ठ अधिकारी सोमवार को वार्ता के लिए मध्यमार्गी पार्टी के दृष्टिकोण पर चर्चा करने के लिए मिलेंगे। वामपंथी इकोनॉमिक फ्रीडम फाइटर (ईएफएफ) पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने शुक्रवार को बातचीत की।

राजनीतिक दलों पर 16 जून तक वार्ता पूरी करने तथा किसी समझौते पर पहुंचने का दबाव है, क्योंकि दक्षिण अफ्रीका के संविधान के अनुसार चुनाव परिणाम घोषित होने के 14 दिनों के भीतर ऐसा करना आवश्यक है।

दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति और एएनसी के नेता सिरिल रामफोसा ने बृहस्पतिवार को घोषणा की कि पार्टी ने राष्ट्रीय एकता की सरकार बनाने का फैसला किया है और सभी दलों को इसमें शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है। विपक्षी दलों में व्यापक मतभेद को देखते हुए इस प्रक्रिया के जटिल होने की उम्मीद है।

विपक्षी पार्टी ‘एक्शनएसए’ ने पहले ही घोषणा कर दी है कि वह वार्ता में शामिल नहीं होगी। उसने यह भी कहा कि वह एएनसी के साथ काम करने से इंकार करती है।

भाषा

प्रशांत मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में