सहारनपुर में किराए के कमरे में पुरुष एवं महिला मृत पाए गए

Ads

सहारनपुर में किराए के कमरे में पुरुष एवं महिला मृत पाए गए

  •  
  • Publish Date - July 2, 2026 / 09:29 AM IST,
    Updated On - July 2, 2026 / 09:29 AM IST

सहारनपुर (उप्र), दो जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में किराए के एक कमरे में 38 वर्षीय पुरुष और 24 वर्षीय महिला संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए। पुलिस ने बृहस्पतिवार को बताया।

पुलिस अधिकारी मनोज कुमार यादव ने बताया कि सदर बाजार थाने को बुधवार रात करीब 11 बजे सूचना मिली कि एसबीआई कॉलोनी में तिरंगा चौक के पास किराए के आवास में रहने वाले एक व्यक्ति ने कमरे को अंदर से बंद कर लिया है और बार-बार खटखटाने के बावजूद कोई जवाब नहीं दे रहा।

यादव ने कहा, ‘‘जब पुलिस मौके पर पहुंची और खिड़की से अंदर झांका तो उसे परिस्थितियां संदिग्ध लगीं। इसके बाद दरवाजा तोड़कर खोला गया और कमरे से एक पुरुष एवं एक महिला के शव बरामद हुए।’’

पुलिस ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने दोनों मृतकों के मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए हैं और स्थानीय निवासियों से पूछताछ कर रही है।

अधिकारी के अनुसार, पुरुष केरल का मूल निवासी था और सहारनपुर के एक निजी अस्पताल में काम करता था तथा महिला गागलहेड़ी थाना क्षेत्र की निवासी थी।

पुलिस ने मृतकों के नामों का अभी खुलासा नहीं किया है।

यादव ने कहा, ‘‘प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत होता है। प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि व्यक्ति ने पहले अपनी कलाई की नसें काटीं और फिर फंदे पर लटक गया जबकि महिला की मौत संभवत: कोई जहरीला पदार्थ खाने से हुई।’’

उन्होंने कहा कि महिला के शरीर पर बाहरी चोट के कोई निशान नहीं मिले। पुरुष का शव छत के पंखे से लटका हुआ मिला और उसकी कलाई से खून बह रहा था जबकि महिला का शव फर्श पर पड़ा था।

पुलिस ने बताया कि एक पड़ोसी ने किसी काम से मकान का दरवाजा खटखटाया लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर पुलिस से संपर्क किया गया।

उसने कहा, ‘‘पुलिस पड़ोसियों से पूछताछ कर रही है और जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करेगी।’’

भाषा सं जफर

सिम्मी

सिम्मी