फिलीपीन के स्कूल में गोलीबारी में तीन लोगों की मौत, आठ घायल

फिलीपीन के स्कूल में गोलीबारी में तीन लोगों की मौत, आठ घायल

फिलीपीन के स्कूल में गोलीबारी में तीन लोगों की मौत, आठ घायल
Modified Date: September 18, 2026 / 08:11 pm IST
Published Date: September 18, 2026 8:11 pm IST

मनीला, 18 सितंबर (एपी) फिलीपीन के दक्षिणी क्षेत्र में शुक्रवार को एक स्कूल में हुई गोलीबारी में 14 साल के दो विद्यार्थियों और नाबालिग हमलावर की मौत हो गई जबकि कम से कम आठ लोग घायल हो गये। स्थानीय सरकारी और पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

फिलीपीन की राष्ट्रीय पुलिस ने एक बयान में कहा कि दक्षिण कोटाबातो प्रांत के बंगा शहर स्थित बंगा नेशनल हाईस्कूल में हुई गोलीबारी की घटना की जांच की जा रही है।

बयान में कहा गया है कि पुलिस अधिकारियों ने स्कूल परिसर की घेराबंदी की और स्कूल अधिकारियों तथा चिकित्साकर्मियों के साथ समन्वय किया।

दक्षिण कोटाबातो के गवर्नर रेनाल्डो तमायो ने कहा कि मारे गए दो विद्यार्थी एक लड़का और एक लड़की थे और दोनों की उम्र 14 साल थी। उन्होंने कहा कि बंदूकधारी ने खुद को भी गोली मार ली जिससे उसकी मौत हो गई।

बंगा के मेयर अल्बर्ट पलेंसिया ने ‘डीजेडबीबी’ रेडियो को बताया कि बंदूकधारी ने अपने कक्ष के बगल वाले कक्ष में 10 विद्यार्थियों को गोली मारी, जिनमें से दो की मौत हो गई जबकि आठ घायल हो गये।

पलेंसिया ने कहा कि 16 वर्षीय बंदूकधारी ने अपने दोस्तों से दोपहर के भोजन के बाद घर जाने को कहा था। उन्होंने बताया कि हमलावर ने दोस्तों से कहा कि “वह कुछ करने जा रहा है’’। उन्होंने कहा कि हमलावर के सहपाठियों को लगा कि यह एक मजाक है।

उन्होंने कहा कि दोपहर के भोजन के बाद, बंदूकधारी ने अपने कक्ष के बगल वाले कक्ष में विद्यार्थियों पर गोलीबारी शुरू कर दी और उनमें से 10 विद्यार्थियों को निशाना बनाया। उन्होंने कहा कि इसके बाद उसने अपनी 9 एमएम बंदूक से खुद को गोली मार ली।

उन्होंने कहा कि बंदूक हमलावर के पिता की थी, जो शिक्षा विभाग में कार्यरत हैं।

एपी

देवेंद्र पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में