कराची, 27 मई (भाषा) । तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) का शीर्ष कमांडर अपने तीन साथियों के साथ बलूचिस्तान में मारा गया है।
पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि माना जाता है कि तालिबान का मारा गया कमांडर वर्ष 2016 में क्वेटा स्थित सिविल अस्पताल पर हुए हमले में शामिल था।
ये भी पढ़ें: अनलॉक से पहले ही बाजारों में उमड़ी भीड़, 1 जून से कोरोना कर्फ्यू से मिलेगी राहत, अनलॉक से पहले शह
पुलिस ने बताया कि खुफिया सूचना के आधार पर आतंकवाद रोधी विभाग (सीटीडी) ने अभियान चलाया और गत मंगलवार को अशांत बलूचिस्तान सूबे के अगबारा इलाके में रियाज ठेकेदार को मार गिराया।
उन्होंने बताया, ‘‘भारी गोलीबारी में चार आतंकवादी मारे गए हैं जबकि दो फरार होने में सफल रहे। घटनास्थल से भारी मात्रा में बंदूक, गोला-बारूद और हथियार जब्त किए गए हैं।’’
सीटीडी के प्रवक्ता ने भी शीर्ष टीटीपी कमांडर ठेकेदार के मारे जाने की पुष्टि की।
ये भी पढ़ें: राज्य को पूरी तरह अनलॉक करने की तैयारी, मंत्रियों की समिति की आज बै…
उन्होंने बताया, ‘‘ ठेकेदार सुरक्षा बलों पर हुए कई हमलों और वर्ष 2016 में क्वेटा के सिविल अस्पताल में हुए हमले में शामिल था।’’
क्वेटा के सिविल अस्पताल में आतंकवादियों द्वारा किए गए आत्मघाती बम धमाके और गोलीबारी में कम से कम 80 लोगों की मौत हुई थी जबकि करीब 150 अन्य घायल हुए थे।