ट्रंप प्रशासन अमेरिका में बने एआई मॉडल का ‘दुरुपयोग’ करने वाली चीनी कंपनियों पर कार्रवाई करेगा

Ads

ट्रंप प्रशासन अमेरिका में बने एआई मॉडल का ‘दुरुपयोग’ करने वाली चीनी कंपनियों पर कार्रवाई करेगा

  •  
  • Publish Date - April 24, 2026 / 04:18 PM IST,
    Updated On - April 24, 2026 / 04:18 PM IST

वाशिंगटन, 24 अप्रैल (एपी) ट्रंप प्रशासन ने विदेशी प्रौद्योगिकी कंपनियों द्वारा अमेरिकी कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) मॉडल के दुरुपयोग पर नकेल कसने का संकल्प जताया है।

माना जा रहा है कि अमेरिकी प्रशासन के निशाने पर विशेष रूप से चीन रहेगा, क्योंकि वह एआई की दौड़ में अमेरिका से कड़ी प्रतिस्पर्धा कर रहा है।

बृहस्पतिवार को जारी एक मेमो में, विज्ञान और प्रौद्योगिकी मामलों के राष्ट्रपति के मुख्य सलाहकार माइकल क्रैट्सियोस ने आरोप लगाया कि ‘‘मुख्य रूप से चीन में स्थित’’ विदेशी प्रतिष्ठान अमेरिका में निर्मित अग्रणी एआई मॉडल का दुरुपयोग कर रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसी कंपनियां अमेरिकी विशेषज्ञता और नवाचार का दोहन कर रही हैं।

क्रैट्सियोस ने लिखा कि अमेरिकी प्रशासन ऐसी गतिविधियों की पहचान करने, बचाव के उपाय विकसित करने और अपराधियों को दंडित करने के तरीके खोजने के लिए अमेरिकी एआई कंपनियों के साथ मिलकर काम करेगा।

यह मेमो ऐसे समय में आया है, जब चीन कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्र में अमेरिकी प्रभुत्व को चुनौती दे रहा है।

वाशिंगटन स्थित चीन के दूतावास ने कहा कि वह ‘‘अमेरिका द्वारा चीनी कंपनियों पर किए जा रहे अनुचित दमन’’ का विरोध करता है।

दूतावास के प्रवक्ता लियू पेंग्यू ने कहा, ‘‘चीन हमेशा से सहयोग और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के माध्यम से वैज्ञानिक और तकनीकी प्रगति को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध रहा है। चीन बौद्धिक संपदा अधिकारों के संरक्षण को बहुत महत्व देता है।’’

बीजिंग में, चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने शुक्रवार को पत्रकारों से कहा कि अमेरिका के दावे निराधार हैं और चीन के एआई उद्योग की उपलब्धियों को धूमिल करने के प्रयास हैं।

एपी शफीक सुरेश

सुरेश