अमेरिका: सिएटल में खाद्य महोत्सव में गोलीबारी में दो लोगों की मौत, पांच अन्य घायल

Ads

अमेरिका: सिएटल में खाद्य महोत्सव में गोलीबारी में दो लोगों की मौत, पांच अन्य घायल

  •  
  • Publish Date - July 27, 2026 / 09:48 AM IST,
    Updated On - July 27, 2026 / 09:48 AM IST

सिएटल, 27 जुलाई (एपी) अमेरिका के सिएटल शहर में स्थित ऐतिहासिक टावर ‘स्पेस नीडल’ के पास रविवार शाम आयोजित एक खाद्य महोत्सव के दौरान गोलीबारी की घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। शहर के अग्निशमन विभाग के एक प्रवक्ता ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि घटना की जांच जारी है और लोगों से अपील की गई है कि वे शहर के उत्तर-पश्चिम स्थित घटनास्थल से फिलहाल दूर रहें।

पुलिस के अनुसार, शाम करीब छह बजे सिएटल सेंटर में आयोजित खाद्य महोत्सव ‘बाइट ऑफ सिएटल’ में अचानक गोलीबारी शुरू हो गई।

हार्बरव्यू मेडिकल सेंटर की प्रवक्ता सुसैन ग्रेग ने बताया कि अस्पताल में चार घायलों को भर्ती कराया गया है, इनमें एक छोटा बच्चा, एक युवक (23) और दो वयस्क महिलाएं शामिल हैं। उन्होंने बताया कि इनमें से एक की हालत गंभीर बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी और आपातकालीन सेवा की टीमें मौके पर पहुंचीं और उन्होंने पूरे क्षेत्र को खाली कराना शुरू कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शी एस्टन वाकोनाबो ने बताया कि वह अपनी महिला मित्र के साथ एक फोटो बूथ की कतार में खड़े थे तभी पीछे से किसी ने उन्हें धक्का दिया और जब उन्होंने पीछे मुड़कर देखा तो बड़ी संख्या में लोग जान बचाने के लिए भाग रहे थे।

वाकोनाबो ने कहा, ‘‘लोग छिपने की कोशिश कर रहे थे, एक-दूसरे को धक्का दे रहे थे, कई लोग जमीन पर गिर रहे थे और बच्चों के स्ट्रॉलर (गाड़ियां) गिरे हुए थे।’’ उन्होंने बताया कि इसी दौरान उन्हें गोलियां चलने की आवाज सुनाई दी।

वाकोनाबो ने बताया कि पहले उन्होंने अपनी मित्र को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और फिर तस्वीरें लेने के लिए घटनास्थल पर लौटे। वहां उन्होंने कई लोगों को जमीन पर घायल अवस्था में पड़ा देखा।

‘बाइट ऑफ सिएटल’ वार्षिक खाद्य महोत्सव की शुरुआत 1982 में हुई थी। आयोजकों की वेबसाइट के अनुसार, इस तीन दिवसीय आयोजन में हर वर्ष लगभग 3.5 लाख लोग आते हैं और भोजन, पेय पदार्थों और सामुदायिक उत्सव का आनंद उठाते हैं।

एपी शोभना सुरभि

सुरभि