कीव, 10 जून (एपी) ऊर्जा संयंत्रों और सैन्य कारखानों को निशाना बना कर मॉस्को को रणनीतिक रूप से नुकसान पहुंचाने की कोशिश के तहत यूक्रेन ने बुधवार को रूस के भीतरी क्षेत्रों में कई हमले किए।
राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेनी सेना ने कई सैन्य और ऊर्जा अवसंरचना स्थलों पर हमला किया, जिसमें एक सैन्य कारखाना भी शामिल है। इस बारे में उन्होंने कहा कि यह रूसी ड्रोन और मिसाइलों के लिए कलपुर्जे की आपूर्ति करता था।
सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन की एफपी-5 फ्लेमिंगो लंबी दूरी की मिसाइलों ने चेबोक्सारी में मौजूद उस ठिकाने पर हमला किया, जो अग्रिम मोर्चे से 900 किलोमीटर से अधिक दूरी पर चुवाशिया इलाके में है।
वहीं, रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि वायु रक्षा प्रणाली ने रात भर में यूक्रेन के 326 ड्रोन मार गिराए।
चुवाशिया के प्रमुख ओलेग निकोलायेव ने मिसाइल हमले की पुष्टि की, लेकिन इस संबंध में कोई जानकारी नहीं दी। ऑनलाइन समाचार संस्थान ‘एस्ट्रा’ ने खबर दी कि यूक्रेनी हमले में वीएनआईआईआर-प्रोग्रेस संयंत्र को निशाना बनाया गया, जहां ड्रोन के लिए एंटीना बनाए जाते हैं।
जेलेंस्की ने यह भी कहा कि यूक्रेनी सेना ने रूस के समारा इलाके में एक रिफाइनरी पर हमला किया। वहां के गवर्नर व्याचेस्लाव फेदोरिशचेव ने बताया कि ड्रोन हमलों से कई औद्योगिक संयंत्र को नुकसान पहुंचा और तीन लोग घायल हो गए।
जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन की सुरक्षा सेवा ने रूस के व्लादिमीर इलाके में तेल से जुड़ी दो अवसंरचना को भी निशाना बनाया, जो अग्रिम मोर्चे से लगभग 700 किमी की दूरी पर स्थित हैं।
रूस के कब्जे वाले क्रीमिया में, एक यूक्रेनी ड्रोन उस इमारत से टकरा गया, जिसमें 19वीं सदी के क्रीमिया युद्ध के दौरान शहर की रक्षा को दर्शाने वाली एक विशाल पेंटिंग रखी थी। रूसी राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय क्रेमलिन द्वारा क्रीमिया के सबसे बड़े शहर सेवस्तोपोल के प्रमुख नियुक्त किये गए मिखाइल राजवोजायेव ने कहा कि कलाकार फ्रांज रुबो द्वारा बनाई गई यह पेंटिंग पूरी तरह से नष्ट हो गई।
पिछले हफ्ते, यूक्रेन के हमलों में सेंट पीटर्सबर्ग में एक तेल टर्मिनल में आग लगने और पास के नौसैन्य अड्डे पर भी हमला होने के बाद पुतिन ने रूस की वायु रक्षा को मजबूत करने का संकल्प लिया था।
यूक्रेन की वायुसेना का कहना है कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने रूस के 207 में से 181 ड्रोन मार गिराए।
क्षेत्रीय प्रशासन के प्रमुख ओलेह सिनिहुबोव के अनुसार, बुधवार तड़के खारकीव पर 26 ड्रोन के जरिये हमला किया गया, जिसमें कम से कम चार लोग घायल हो गए। उन्होंने बताया कि हमलों में, पिछले 24 घंटों में इस इलाके में एक व्यक्ति की मौत हो गई और 15 अन्य घायल हुए।
क्षेत्रीय प्रमुख इवान फेदोरोव के अनुसार, जापोरिज्जिया और उसके आस-पास के इलाके में रात भर हुए कई रूसी हवाई हमलों में 10 लोग घायल हो गए।
ओडेसा में, रूसी ड्रोन हमले में दो इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं।
एपी सुभाष मनीषा
मनीषा