विश्व नेताओं ने भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर मोदी को दी बधाई

Ads

विश्व नेताओं ने भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर मोदी को दी बधाई

  •  
  • Publish Date - June 10, 2026 / 01:46 PM IST,
    Updated On - June 10, 2026 / 01:46 PM IST

सिंगापुर/जोहानिसबर्ग, 10 जून (भाषा) विश्व के नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के सबसे लंबे समय तक भारत के निर्वाचित प्रधानमंत्री होने की उपलब्धि हासिल करने पर बुधवार को उन्हें बधाई दी और उनके नेतृत्व तथा जनसेवा के प्रति समर्पण की सराहना की।

मोदी ने बुधवार को 4,399 दिनों के लगातार कार्यकाल के साथ भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने का कीर्तिमान स्थापित किया। उन्होंने देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का 4,398 दिनों का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया।

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन ने प्रधानमंत्री मोदी को बधाई देते हुए भारत की अर्थव्यवस्था में उनके योगदान की प्रशंसा की।

उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘‘भारत के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर नरेन्द्र मोदी को हार्दिक बधाई। वह एक सच्चे राजनेता हैं जिन्होंने भारत की अर्थव्यवस्था और वैश्विक प्रतिष्ठा को नयी ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। मुझे उस व्यापक रणनीतिक साझेदारी पर गर्व है जिसे हमने मिलकर विकसित किया।’’

मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने मोदी की वर्षों की समर्पित जनसेवा और भारत के विकास को आगे बढ़ाने वाले नेतृत्व की सराहना की।

उन्होंने कहा, ‘‘यह उपलब्धि भारत के विकास, समृद्धि और वैश्विक मंच पर उसकी प्रतिष्ठा को आगे बढ़ाने में उनके वर्षों की समर्पित जनसेवा और नेतृत्व का प्रमाण है।’’

इब्राहिम ने कहा कि मलेशिया भारत के साथ अपनी घनिष्ठ और लंबे समय से चली आ रही मित्रता को महत्व देता है और दोनों देशों के बीच संबंधों को और मजबूत करने तथा लोगों के लिए नए अवसरों का विस्तार करने को लेकर उत्साहित है।

नाइजीरिया के राष्ट्रपति बोला अहमद टीनूबू ने सोशल मीडिया पर एक लंबे संदेश में कहा कि यह उपलब्धि तीन लगातार जनादेशों के दौरान मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता द्वारा जताए गए भरोसे और विश्वास को दर्शाती है।

उन्होंने कहा, ‘‘जनसेवा के प्रति उनका समर्पण, राष्ट्रीय विकास के प्रति प्रतिबद्धता और वैश्विक मंच पर उनका प्रभावशाली नेतृत्व दुनिया भर में लाखों लोगों को प्रेरित करता है।’’

मालदीव के पूर्व राष्ट्रपति इब्राहिम मोहम्मद सोलिह ने इस उपलब्धि को ‘‘ऐतिहासिक मील का पत्थर’’ बताया, जो प्रधानमंत्री मोदी में भारतीय जनता के स्थायी विश्वास को दर्शाता है।

उन्होंने कहा, ‘‘उनके (मोदी के) कार्यकाल के दौरान भारत की उल्लेखनीय आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक प्रगति उनके नेतृत्व का प्रमाण है।’’

केन्या के राष्ट्रपति विलियन सामोई रूटो ने भी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर मोदी की सराहना की।

उन्होंने कहा, ‘‘यह दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र में तीन लगातार जनादेशों के दौरान भारतीय जनता द्वारा आपके नेतृत्व में जताए गए विश्वास और भरोसे को दर्शाता है। साधारण पृष्ठभूमि से इस मुकाम तक पहुंचने की आपकी यात्रा समर्पण, धैर्य और जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है।’’

इससे पहले मंगलवार को श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायका, पापुआ न्यू गिनी के प्रधानमंत्री जेम्स मारापे तथा त्रिनिदाद और टोबैगो की प्रधानमंत्री कमला प्रसाद-बिसेसर ने भी प्रधानमंत्री मोदी को बधाई दी थी।

मोदी ने पहली बार 26 मई 2014 को प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। उनका दूसरा कार्यकाल 30 मई 2019 को शुरू हुआ था। वहीं, 2024 के लोकसभा चुनावों में एक और निर्णायक जीत के बाद मोदी ने नौ जून 2024 को लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी।

भाषा गोला वैभव

वैभव