अमेरिका ने लगातार दूसरे दिन ईरान पर हमला नहीं किया, तेहरान ने भी दिखाया संयम
अमेरिका ने लगातार दूसरे दिन ईरान पर हमला नहीं किया, तेहरान ने भी दिखाया संयम
काहिरा, 26 जुलाई (एपी) अमेरिका ने रविवार को लगातार दूसरे दिन ईरान पर अपने हमले बंद रखे, जबकि तेहरान ने भी कहा कि उसने ऐसा ही किया है। दोनों देशों के बीच एक अंतरिम युद्धविराम समझौते पर बातचीत फिर से शुरू करने की कोशिशें जारी रहीं, जो हालिया गोलाबारी की घटनाओं के कारण काफी हद तक कमज़ोर पड़ गया था।
यह स्पष्ट नहीं हो सका कि अमेरिका ने हमले क्यों रोक दिए हैं। इससे पहले उसने लगभग दो सप्ताह तक चले तनाव के दौरान ईरान के तटीय क्षेत्रों और बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया था। यह तनाव उस समय शुरू हुआ था जब ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने की कोशिश कर रहे जहाजों पर गोलाबारी की थी। पेंटागन ने रविवार को इस संबंध में पूछे गए सवालों का तत्काल कोई जवाब नहीं दिया।
व्हाइट हाउस के संचार निदेशक स्टीवन चेउंग ने कहा, ‘राष्ट्रपति (डोनाल्ड) ट्रंप लगातार यह कहते रहे हैं कि वह कूटनीतिक समाधान को प्राथमिकता देते हैं, लेकिन यदि ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य में या सहयोगी देशों के खिलाफ आतंकवादी गतिविधियां जारी रखता है तो उनके पास सभी विकल्प खुले हैं।’
उन्होंने कहा, ‘ईरान के लिए बातचीत के जरिए किसी समझौते की दिशा में काम करना समझदारी होगी। वरना, उन्हें पता है कि क्या होगा।’
ईरान की सेना के प्रवक्ता ने रविवार को सरकारी टीवी से कहा कि पिछले दो रातों से अमेरिका ने कोई हमला नहीं किया है, इसलिए ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई रोक रखी है। हाल के दिनों में तेहरान ने क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य ठिकानों वाले देशों पर जवाबी हमले किए थे। इनमें जॉर्डन स्थित एक सैन्य अड्डे पर हुए हमले में कम से कम तीन लोगों की मौत हुई थी।
एपी
शुभम प्रशांत
प्रशांत

Facebook


