ढाका, 31 जुलाई (भाषा) बांग्लादेश में भारत के उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने शुक्रवार को ढाका में दक्षिण और मध्य एशिया के लिए विशेष अमेरिकी दूत और भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर से मुलाकात की और परस्पर हित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।
निजी समाचार एजेंसी ‘यूनाइटेड न्यूज़ ऑफ़ बांग्लादेश’ ने बैठक के बारे में एक अज्ञात अमेरिकी राजनयिक के हवाले से कहा, ‘‘मैं बस इतना कह सकता हूं कि यह एक अच्छी बैठक थी।’’
एजेंसी ने बताया कि बैठक में मुख्य रूप से परस्पर क्षेत्रीय हितों के मुद्दों पर चर्चा हुई। हालांकि किसी भी पक्ष ने बातचीत के विवरण का खुलासा नहीं किया।
बृहस्पतिवार को अपनी पहली आधिकारिक यात्रा पर ढाका पहुंचे गोर ने बांग्लादेश के विदेश मंत्री खलीलुर रहमान और प्रधानमंत्री तारिक रहमान के विदेश मामलों के सलाहकार हुमायूँ कबीर के साथ बैठक की। शनिवार को उनके प्रधानमंत्री रहमान से मुलाकात करने की उम्मीद है।
गोर ने शुक्रवार को दक्षिण-पूर्वी कॉक्स बाज़ार में चार रोहिंग्या कैंपों का दौरा किया, जहां 2017 में म्यांमा से आए 12 लाख से अधिक लोगों ने शरण ली थी।
विदेश मंत्री ने कहा कि बैठक के दौरान संवेदनशील राजनीतिक विषयों जैसे कि अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की अब भंग हो चुकी अवामी लीग से जुड़े मुद्दे या म्यांमा से जुड़े प्रस्तावित क्षेत्रीय आर्थिक गलियारों पर चर्चा नहीं हुई।
भाषा अविनाश नरेश
नरेश