होर्मुज जलडमरूमध्य में तीन पोतों को निशाना बनाने के बाद अमेरिका ने ईरान पर हमले किए

Ads

होर्मुज जलडमरूमध्य में तीन पोतों को निशाना बनाने के बाद अमेरिका ने ईरान पर हमले किए

  •  
  • Publish Date - July 8, 2026 / 08:41 AM IST,
    Updated On - July 8, 2026 / 08:41 AM IST

दुबई, छह जुलाई (एपी) होर्मुज जलडमरूमध्य में तीन वाणिज्यिक पोतों को निशाना बनाए जाने के कुछ घंटों बाद अमेरिकी सेना ने बुधवार तड़के ईरान के खिलाफ हमले किए। दोनों देशों के बीच युद्ध समाप्त करने के वास्ते हुए अंतरिम समझौते के लिए यह हालिया घटनाक्रम गंभीर खतरा पैदा करता है।

इन हमलों से उन वार्ताओं के लिए मुश्किलें और बढ़ सकती हैं जिनका उद्देश्य जलडमरूमध्य को पूरी तरह फिर से खोलना, तेहरान के विवादित परमाणु कार्यक्रम को प्रतिबंधित करना और 28 फरवरी को शुरू हुए युद्ध को स्थायी रूप से समाप्त करना है।

‘यूएस सेंट्रल कमांड’ ने सोशल मीडिया पर जारी एक बयान में कहा कि अमेरिकी बलों ने एक अंतरराष्ट्रीय जलमार्ग में वाणिज्यिक पोतों को निशाना बनाए जाने और उन पर हमला किए जाने के बाद जवाबी कार्रवाई करते हुए ये हमले किए।

अमेरिका के अधिकारी ने कहा कि सेना ईरान की वायु रक्षा प्रणालियों, तटीय निगरानी प्रणालियों, जमीन से हवा में मार करने वाली मिसाइलों तथा पोत-रोधी क्रूज मिसाइलों और ड्रोन के प्रक्षेपण स्थलों को निशाना बना रही है।

अधिकारी ने कहा कि ईरान की बंदरगाह सुविधाओं को भी निशाना बनाया जा रहा है।

एक अन्य अधिकारी ने कहा कि हमले कई घंटों तक जारी रह सकते हैं।

दोनों अधिकारियों ने अपनी पहचान गोपनीय रखने की शर्त पर यह जानकारी दी।

ईरान के सरकारी मीडिया ने केशम और बंदर अब्बास में धमाकों की आवाज सुनाई देने की खबर दी।

पिछले महीने के अंत में भी पोतों पर ईरान के हमलों और अमेरिका की जवाबी कार्रवाई की ऐसी ही घटनाएं हुई थीं।

तीन टैंकरों पर ईरान द्वारा हमला किए जाने के कुछ घंटों बाद अमेरिका ने वह लाइसेंस रद्द कर दिया, जिसके तहत अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध समाप्त करने के अंतरिम समझौते के हिस्से के रूप में ईरानी तेल की बिक्री की अनुमति दी गई थी।

एपी सिम्मी खारी

खारी