हम इजराइल के साथ साथ दुनिया की भी रक्षा कर रहे हैं: नेतन्याहू

हम इजराइल के साथ साथ दुनिया की भी रक्षा कर रहे हैं: नेतन्याहू

हम इजराइल के साथ साथ दुनिया की भी रक्षा कर रहे हैं: नेतन्याहू
Modified Date: March 3, 2026 / 12:22 am IST
Published Date: March 3, 2026 12:22 am IST

(हरिंदर मिश्रा)

यरूशलम, दो मार्च (भाषा) इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सोमवार को कहा कि ईरान का परमाणु और मिसाइल कार्यक्रम पूरी दुनिया के लिए खतरा है और इजराइली सेना की कार्रवाई का उद्देश्य केवल इजराइल की नहीं, बल्कि पूरे विश्व की सुरक्षा करना है।

बेत शेमेश पर रविवार को हुए ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल हमले के बाद वहां का दौरा करते समय नेतन्याहू ने कहा, “यह ऑपरेशन ‘रोरिंग लॉयन’ का तीसरा दिन है। इजराइली सेना और इजराइल सरकार ने हमारे मित्र अमेरिका और राष्ट्रपति ट्रंप के साथ मिलकर इजराइल के अस्तित्व को होने वाले खतरे और अमेरिका तथा पूरी दुनिया के लिए बड़े खतरों को नष्ट करने के लिए यह अभियान शुरू किया है।”

बेत शेमेश में एक आवासीय क्षेत्र में मिसाइल गिरने से नौ लोग मारे गए और 20 से अधिक लोग घायल हो गए। यह क्षेत्र यरूशलम से लगभग 35 किलोमीटर दूर स्थित है।

नेतन्याहू ने कहा कि ईरान की धमकियां इजराइल और अमेरिका तक ही सीमित नहीं हैं, बल्कि यूरोप और अन्य क्षेत्रों तक भी फैल गई हैं।

उन्होंने साइप्रस में ब्रिटेन के एक सैन्य ठिकाने पर ईरान के हमले की ओर इशारा करते हुए कहा, ‘वे जोर-जोर से कह रहे हैं ‘इजराइल मुर्दाबाद, अमेरिका मुर्दाबाद।’ यही उनका अंतिम लक्ष्य है। लेकिन मैंने कहा था कि वे बीच में आने वालों को भी निशाना बनाएंगे। वे यूरोप को भी निशाना बनाएंगे। और उन्होंने किया।’

उन्होंने कहा, ‘अगर यह आतंकवादी शासन… परमाणु हथियार और उनके इस्तेमाल के साधन, बैलिस्टिक और अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइलें हासिल कर लेता है, तो यह पूरी दुनिया को धमकाएगा। इसलिए हमने अपनी रक्षा करने का संकल्प लिया है। लेकिन ऐसा करते हुए, हम दूसरों की भी रक्षा कर रहे हैं।”

भाषा जोहेब सुभाष

सुभाष


लेखक के बारे में