सियोल, आठ जून (एपी) चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग का सोमवार को उत्तर कोरिया पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। यह एक दुर्लभ दौरा है, जिसमें उत्तर कोरिया पर चीन के प्रभाव को फिर से मजबूत करने और बदले में चीन को आर्थिक एवं राजनीतिक लाभ पहुंचाने पर चर्चा होने की संभावना है।
चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार, उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन और उनकी पत्नी री सोल जू ने प्योंगयांग अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शी चिनफिंग और उनकी पत्नी पेंग लियुआन का स्वागत किया। दोनों नेताओं ने एक-दूसरे से हाथ मिलाया।
इसके बाद शी चिनफिंग प्योंगयांग के मुख्य चौक पहुंचे, जहां सैन्य सम्मान गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया और हजारों लोगों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान बच्चे गुब्बारे लेकर उत्सव में शामिल हुए और पूरे माहौल को उत्सवमय बना दिया गया।
चौक के आसपास की इमारतों को दोनों देशों के झंडों, किम और शी के बड़े चित्रों तथा ‘मित्रता और एकता’ को दर्शाने वाले बैनरों से सजाया गया।
यह दो दिवसीय यात्रा शी चिनफिंग की सात वर्षों में पहली उत्तर कोरिया यात्रा है। इस दौरान उनके किम जोंग उन के साथ शिखर वार्ता करने की उम्मीद है। यह दोनों नेताओं की पिछली बैठक के बाद पहली मुलाकात होगी, जो सितंबर में बीजिंग में हुई थी। तब वे रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन सहित अन्य विदेशी नेताओं के साथ एक सैन्य परेड में शामिल हुए थे।
वार्ता का कोई औपचारिक एजेंडा घोषित नहीं किया गया है, लेकिन विदेशी विशेषज्ञों का मानना है कि यह बैठक द्विपक्षीय संबंधों और व्यापक क्षेत्रीय समीकरणों पर महत्वपूर्ण प्रभाव डाल सकती है, क्योंकि दोनों देश अमेरिका के साथ अलग-अलग तनावों का सामना कर रहे हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार, यह यात्रा चीन और उत्तर कोरिया के बीच पारंपरिक गठबंधन को फिर से मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हो सकती है।
एपी मनीषा वैभव
वैभव