छतरपुर (मप्र), 18 अगस्त (भाषा) मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में रविवार को जंजीरों से बंधे एक पुरुष और एक महिला के अधजले शव बरामद हुए हैं। पुलिस ने यह जानकारी दी।
एक अधिकारी ने बताया कि जिला मुख्यालय से करीब 55 किलोमीटर दूर लवकुश नगर के सिद्धन की पहाड़ी इलाके में शव बरामद किये गये हैं।
उप-विभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) नवीन दुबे ने बताया कि एक पुरुष और एक महिला के अधजले शव बरामद किये जाने के बाद पुलिस जांच के लिए मौके पर पहुंची। दोनों की उम्र 30 वर्ष के करीब है।
उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान लवकुश नगर निवासी अभिलाषा उपाध्याय और खड्डी गांव निवासी छोटू मिश्रा के रूप में हुई है।
अधिकारी ने बताया कि अभिलाषा शनिवार से लापता थी और उसके परिवार ने रविवार सुबह पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
छतरपुर के पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने कहा कि पुलिस और फोरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंच गई हैं और जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर इस मामले में आगे कार्रवाई की जाएगी।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शव जंजीरों से बंधे हुए थे।
भाषा
प्रीति सुरेश
सुरेश