मप्र: विद्यालय में भोजन के बाद 100 से ज्यादा बच्चे बीमार, प्रशासन ने शुरू की जांच

Ads

मप्र: विद्यालय में भोजन के बाद 100 से ज्यादा बच्चे बीमार, प्रशासन ने शुरू की जांच

  •  
  • Publish Date - June 22, 2026 / 08:10 PM IST,
    Updated On - June 22, 2026 / 08:10 PM IST

इंदौर (मध्यप्रदेश), 22 जून (भाषा) इंदौर के एक निजी विद्यालय में दो दिन पहले दोपहर के भोजन के बाद करीब 110 बच्चे बीमार पड़ गए जिसके बाद प्रशासन ने सोमवार को खाना बनाने में इस्तेमाल सामग्री के नमूने लेकर जांच शुरू की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अनुविभागीय मजिस्ट्रेट (एसडीएम) दीपक चौहान ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि शहर के शिशुकुंज इंटरनेशनल स्कूल में पहली से पांचवीं कक्षा तक के बच्चों ने शनिवार (20 जून) को नियमित रूप से परोसा जाने वाला मध्यान्ह भोजन किया था।

उन्होंने बताया,‘‘विद्यालय के करीब 110 बच्चों को शनिवार शाम से पेट दर्द और उल्टी की शिकायतें शुरू हुईं। अगले दिन भी कई बच्चों में ये लक्षण सामने आये।’’

उन्होंने बताया,‘‘बच्चों में अब तक मुख्य रूप से उल्टी और पेट दर्द के लक्षण सामने आए हैं। वर्तमान में कोई भी बच्चा अस्पताल में भर्ती नहीं है।’’

एसडीएम ने बताया कि खाद्य विभाग ने विद्यालय में भोजन तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली सभी सामग्रियों के नमूने लिए हैं जिन्हें जांच के लिए भेजा गया है।

उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद उचित कदम उठाया जाएगा।

विद्यालय की उप प्राचार्य कामायनी चौहान ने बताया कि शनिवार को बच्चों को दोपहर के भोजन में राजमा, एक सब्जी, चावल, रोटी और आइसक्रीम परोसी गई थी।

उन्होंने कहा,‘‘हमारे विद्यालय में हर रोज 3,200 से ज्यादा लोग खाना खाते हैं। हम संस्थान में भोजन की उच्चस्तरीय गुणवत्ता सुनिश्चित करते हैं।’’

उप प्राचार्य ने बताया कि बच्चों के बीमार पड़ने की घटना की विद्यालय अपने स्तर पर भी जांच कर रहा है। भाषा हर्ष धीरज

धीरज