मध्यप्रदेश: छतरपुर में दलित व्यक्ति ने पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाया

Ads

मध्यप्रदेश: छतरपुर में दलित व्यक्ति ने पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाया

  •  
  • Publish Date - July 23, 2024 / 09:50 PM IST,
    Updated On - July 23, 2024 / 09:50 PM IST

छतरपुर (मध्यप्रदेश), 23 जुलाई (भाषा) मध्यप्रदेश के खजुराहो शहर में एक दलित सफाई कर्मचारी ने आरोप लगाया है कि सरकारी वाहन को ओवरटेक करने पर पुलिसकर्मियों ने उनके साथ मारपीट की। इसके बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

शिकायतकर्ता रोहित वाल्मीकि ने आरोप लगाया कि 21 जुलाई को मोटरसाइकिल पर घर जाते समय उन्होंने पुलिस और बिजली विभाग के कर्मचारियों के वाहनों को ओवरटेक किया था।

वाल्मीकि ने शिकायत में दावा किया कि कुछ पुलिसकर्मियों ने उन पर लापरवाही से गाड़ी चलाने का आरोप लगाया और उनके साथ दुर्व्यवहार किया।

वाल्मीकि के भाई ने आरोप लगाया कि उसे पुलिस थाने ले जाया गया और पीटा गया।

पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने कहा कि पुलिस के उपमंडल अधिकारी (एसडीओपी) जांच कर रहे हैं।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘संबंधित व्यक्तियों के बयान दर्ज किए गए हैं। हम जांच के बाद सख्त कार्रवाई करेंगे।’’

भाषा सं दिमो खारी

खारी