बिहार में मंदिरों, मठों और धर्मशालाओं से स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगा फहराने की अपील

Ads

बिहार में मंदिरों, मठों और धर्मशालाओं से स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगा फहराने की अपील

  •  
  • Publish Date - August 12, 2026 / 06:03 PM IST,
    Updated On - August 12, 2026 / 06:03 PM IST

पटना, 12 अगस्त (भाषा) बिहार राज्य धार्मिक न्यास परिषद (बीएसआरटीसी) ने राज्य के सभी मंदिरों, मठों और धर्मशालाओं से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने परिसरों में राष्ट्रीय ध्वज फहराने की अपील की है।

बीएसआरटीसी के अध्यक्ष रणबीर नंदन ने बुधवार को कहा, ‘‘हमारे दायरे में आने वाले सभी मंदिरों, मठों और धर्मशालाओं से उत्साह के साथ तिरंगा फहराने की अपील की गई है। समारोहों के माध्यम से देशभक्ति और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया जाना चाहिए।’’

उन्होंने कहा कि मंदिरों और मठों में स्वतंत्रता दिवस का ‘‘भव्य और हर्षोल्लास’’ के साथ आयोजन देशभक्ति की ‘‘नयी मिसाल’’ कायम करेगा।

नंदन ने धार्मिक संस्थानों के प्रतिनिधियों से ध्वजारोहण समारोह के बाद आसपास की झुग्गी बस्तियों और आर्थिक रूप से कमजोर आबादी वाले क्षेत्रों का दौरा करने तथा वहां जलेबी बांटने की भी अपील की।

उन्होंने कहा, ‘‘स्वतंत्रता दिवस का उत्सव कुछ लोगों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। वंचित समुदायों के साथ राष्ट्रीय पर्व की खुशी साझा करने से इन समारोहों को व्यापक अर्थ मिलेगा।’’

भाषा

कैलाश रवि कांत