पटना, 23 अक्टूबर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को बिहार में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं से विधानसभा चुनाव से पहले जनसंपर्क अभियान को तेज करने का आह्वान किया और विशेष रूप से पहली बार मतदान करने वाले युवाओं से जुड़ने की अपील की।
उन्होंने कहा कि युवा मतदाताओं को अपने वोट की ताकत के बारे में बताया जाए और उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाए।
‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ कार्यक्रम के तहत वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के युवा कार्यकर्ता हर घर जाएं और लोगों से मतदान के दिन अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने की अपील करें।
उन्होंने कहा, “बिहार में 14 नवंबर को जब राजग की सरकार फिर से बनेगी, तब महिलाओं के सशक्तीकरण का एक नया युग आरंभ होगा।”
प्रधानमंत्री ने भाजपा कार्यकर्ताओं से कहा कि वे मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना का लाभ अभी तक न पाने वाली महिलाओं की सूची तैयार करें और उन्हें भरोसा दिलाएं कि राजग सरकार बनने के बाद उन्हें भी इस योजना से जोड़ा जाएगा।
बिहार के युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्य में ‘प्रौद्योगिकी और स्टार्टअप हब’ विकसित किए जाएंगे, जिससे युवाओं को बाहर पलायन नहीं करना पड़ेगा और वे अपने ही राज्य में आजीविका कमा सकेंगे।
विपक्षी गठबंधन पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा, “यह कोई ‘गठबंधन’ नहीं बल्कि ‘लठबंधन’ है। इनके नेता दिल्ली से लेकर बिहार तक जमानत पर बाहर हैं।”
उन्होंने कहा कि राजग के सभी घटक दलों के कार्यकर्ता एकजुट होकर बिहार में सरकार की योजनाओं के बारे में मतदाताओं को जागरूक करें और जन-जन तक विकास के संदेश को पहुंचाएं।
प्रधानमंत्री ने विपक्ष पर आरोप लगाया कि उनके नेता आपस में ही लड़ते रहते हैं और केवल अपने स्वार्थ की रक्षा में लगे रहते हैं।
उन्होंने कहा, “हम बिहार से नक्सलवाद और माओवादी आतंकवाद को समाप्त करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।”
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा, “अगले 20 दिन हमारे लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। हमें 24 घंटे जनता के बीच रहना है और उन्हें यह विश्वास दिलाना है कि विकास की गति केवल राजग ही बनाए रख सकता है।”
इससे पहले बृहस्पतिवार को ही उन्होंने ‘एक्स’ के जरिए ही कार्यकर्ताओं में जोश फूंका और कहा कि जनसंपर्क एवं संवाद से लेकर संगठन के हर स्तर पर कार्यकर्ताओं की भागीदारी ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है।
मोदी ने लिखा, “बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा-राजग की जीत सुनिश्चित करने के लिए हमारे कार्यकर्ता अभूतपूर्व ऊर्जा और समर्पण के साथ मैदान में डटे हैं।’’
‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ भाजपा का एक संगठनात्मक अभियान है, जिसका मुख्य उद्देश्य पार्टी के बूथ-स्तर के ढांचे को मज़बूत करना और हर बूथ पर चुनावी जीत सुनिश्चित करना है। प्रधानमंत्री खुद ऑनलाइन जुड़ कर कार्यकर्ताओं से फीडबैक और सलाह लेते हैं।
भाषा कैलाश
राजकुमार
राजकुमार