सुदर्शन की शतकीय पारी से भारत ए ने श्रीलंका ए के खिलाफ पहले दिन चार विकेट पर 333 रन बनाये

Ads

सुदर्शन की शतकीय पारी से भारत ए ने श्रीलंका ए के खिलाफ पहले दिन चार विकेट पर 333 रन बनाये

  •  
  • Publish Date - June 25, 2026 / 06:40 PM IST,
    Updated On - June 25, 2026 / 06:40 PM IST

गॉल (श्रीलंका) 25 जून (भाषा) सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन के शानदार शतक और कप्तान ध्रुव जुरेल तथा शेख रशीद की नाबाद अर्धशतकीय पारियों की बदौलत भारत ए ने बृहस्पतिवार को श्रीलंका ए के खिलाफ अनौपचारिक टेस्ट श्रृंखला के पहले मैच के शुरुआती दिन चार विकेट पर 333 रन बनाकर मुकाबले पर मजबूत पकड़ बना ली।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरे भारत ए को इस चार दिवसीय मैच में सुदर्शन ने बेहतरीन शुरुआत दिलाई। उन्होंने 175 गेंदों पर 19 चौकों की मदद से 132 रन की शानदार पारी खेली। दिन के आखिरी में जुरेल (नाबाद 68) और रशीद (नाबाद 53) ने पांचवें विकेट के लिए 116 रन की अटूट साझेदारी कर श्रीलंका ए की वापसी की उम्मीदों पर पानी फेर दिया।

सुदर्शन ने शुरुआत से ही संयम और आक्रामकता का बेहतरीन संतुलन दिखाया। उन्होंने खराब गेंदों का पूरा फायदा उठाया और गेंदबाजों को आउट करने का कोई मौका नहीं दिया। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने आयुष पांडे (25) के साथ पहले विकेट के लिए 82 रन की साझेदारी कर अच्छी शुरुआत दिलाई।

सुदर्शन के आउट होने के बाद भी भारत ए की रनगति पर कोई असर नहीं पड़ा। जुरेल ने संयमित बल्लेबाजी करते हुए स्ट्राइक का अच्छा रोटेशन किया और ढीली गेंदों को सीमा रेखा के पार भेजा। वहीं रशीद ने तेज और स्पिन दोनों तरह की गेंदबाजी के खिलाफ आत्मविश्वास दिखाया।

श्रीलंका ए की ओर से बाएं हाथ के स्पिनर दिलुम सुदीरा सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 29 ओवर में 98 रन देकर दो विकेट हासिल किए। भारतीय बल्लेबाजों ने नियमित अंतराल पर साझेदारियां बनाकर मेजबान टीम के गेंदबाजों को दबाव बनाने का मौका नहीं दिया।

देवदत्त पडिक्कल (12) और रुतुराज गायकवाड़ (22) बड़ी पारी खेलने में नाकम रहे।

भारत ए अब दूसरे दिन अपनी मजबूत शुरुआत को बड़े स्कोर में बदलने का प्रयास करेगा। यह चार दिवसीय मुकाबला भारत ए के बहु-प्रारूप श्रीलंका दौरे का हिस्सा है ।

भाषा आनन्द सुधीर

सुधीर