बिहार: पटना में 14 मई को 15 मिनट का ‘ब्लैकआउट’ अभ्यास, शाम सात बजे बजेगा सायरन

Ads

बिहार: पटना में 14 मई को 15 मिनट का ‘ब्लैकआउट’ अभ्यास, शाम सात बजे बजेगा सायरन

  •  
  • Publish Date - May 13, 2026 / 05:10 PM IST,
    Updated On - May 13, 2026 / 05:10 PM IST

पटना, 13 मई (भाषा) बिहार के पटना जिले में 14 मई की शाम विभिन्न शहरी इलाकों में 15 मिनट का ‘सिविल डिफेंस ब्लैकआउट एंड एयर रेड मॉकड्रिल’ किया जाएगा। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि यह अभ्यास शाम सात बजे से सात बजकर 15 मिनट तक पटना नगर निगम क्षेत्र, दानापुर निजामत, खगौल और फुलवारीशरीफ में किया जाएगा।

पटना के जिलाधिकारी कार्यालय द्वारा जारी बयान के अनुसार, यह पूर्व निर्धारित अभ्यास केंद्र और राज्य सरकार के निर्देश पर किया जा रहा है।

बयान में बताया गया कि इस अभ्यास का उद्देश्य हवाई हमले जैसी आपात स्थिति में प्रशासन, राहत एजेंसियों और नागरिक सुरक्षा तंत्र की तैयारी और समन्वय क्षमता की जांच करना है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि किसी प्रकार का वास्तविक खतरा नहीं है और लोगों को अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए। प्रशासन के अनुसार, अभ्यास के दौरान सायरन बजते ही लोगों से घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों की सभी लाइटें बंद रखने की अपील की गई है।

जिला प्रशासन ने अभ्यास को लेकर विभिन्न विभागों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी हैं।

पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग संयुक्त रूप से पूरे अभ्यास की निगरानी करेंगे तथा यातायात पुलिस को चिन्हित स्थलों पर विशेष व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्य अभ्यास से पहले बुधवार को पटना समाहरणालय में ‘टेबल-टॉप एक्सरसाइज’ आयोजित की जाएगी और इसमें अधिकारियों को हवाई हमले की काल्पनिक स्थिति के आधार पर प्रतिक्रिया और समन्वय का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

प्रशासन का कहना है कि पूर्व अभ्यास से वास्तविक आपदा की स्थिति में तंत्र अधिक तेजी और प्रभावी ढंग से काम कर सकेगा।

भाषा कैलाश जितेंद्र

जितेंद्र