बिहार : मानदेय वृद्धि की मांग को लेकर चौकीदारों का प्रदर्शन, पुलिस लाठीचार्ज में कई घायल

Ads

बिहार : मानदेय वृद्धि की मांग को लेकर चौकीदारों का प्रदर्शन, पुलिस लाठीचार्ज में कई घायल

  •  
  • Publish Date - February 23, 2026 / 08:02 PM IST,
    Updated On - February 23, 2026 / 08:02 PM IST

पटना, 23 फरवरी (भाषा) बिहार पुलिस के चौकीदारों ने मानदेय वृद्धि और सेवा संबंधी सुधारों की मांग को लेकर सोमवार को प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों द्वारा अवरोधक तोड़े जाने के बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिसमें कई लोग घायल हो गए। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि पुलिस कार्रवाई में कई ‘चौकीदार’ घायल हुए हैं।

बिहार पुलिस के चौकीदारों ने पटना में स्थित जेपी गोलंबर पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कुछ प्रदर्शनकारी पुलिस अवरोधक तोड़कर डाकबंगला चौराहा की ओर बढ़ने की कोशिश करने लगे। पुलिस के एक अन्य अधिकारी ने यह जानकारी दी।

इस संबंध में पटना मध्य की पुलिस अधीक्षक (एसपी) ममता कल्याणी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “प्रदर्शनकारियों द्वारा मौके पर कानून-व्यवस्था की स्थिति बाधित किए जाने के कारण पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।”

उन्होंने बताया कि लाठीचार्ज में कई चौकीदार घायल हुए हैं, हालांकि किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई है।

भाषा

कैलाश रवि कांत