फिल्म शिक्षा के लिए बिहार सरकार दे रही छात्रवृत्ति, युवाओं को मिल रही नई दिशा

Ads

फिल्म शिक्षा के लिए बिहार सरकार दे रही छात्रवृत्ति, युवाओं को मिल रही नई दिशा

  •  
  • Publish Date - May 5, 2026 / 08:44 PM IST,
    Updated On - May 5, 2026 / 08:44 PM IST

पटना, पांच मई (भाषा) बिहार सरकार का कला एवं संस्कृति विभाग राज्य के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को फिल्म एवं कला और शिक्षा के लिए छात्रवृत्ति प्रदान कर रहा है, जिससे युवाओं को अपने सपनों को साकार करने में मदद मिल रही है। विभाग की ओर से जारी बयान में यह जानकारी दी गई है।

बयान के अनुसार विभाग के अंतर्गत संचालित बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम की इस पहल के तहत अब तक 30 विद्यार्थियों को लगभग 19 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जा चुकी है।

इसमें कहा गया है कि यह योजना राज्य के युवाओं को फिल्म एवं कला के क्षेत्र में करियर बनाने के लिए प्रोत्साहित कर रही है।

इस सहयोग का परिणाम यह है कि चयनित छात्र-छात्राएं देश के प्रतिष्ठित संस्थानों में फिल्म और कला की शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। इनमें फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया ( एफटीआईआई ) तथा सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (एस आरएफटीआईआई) जैसे प्रमुख संस्थान शामिल हैं।

निगम का उद्देश्य अधिक से अधिक प्रतिभाशाली छात्रों को मंच उपलब्ध कराना है, ताकि वे फिल्म निर्माण, अभिनय, तकनीकी और अन्य रचनात्मक क्षेत्रों में आगे बढ़ सकें। यह पहल राज्य में फिल्म और कला शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

भाषा कैलाश रंजन

रंजन