पटना: Bihar Rajya Sabha Chunav 2026: बिहार में राज्यसभा चुनाव के लिए चल रही वोटिंग के बीच सोमवार को विधानसभा परिसर में एक दिलचस्प वाकया देखने को मिला। हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) की दो विधायक अचानक राजद नेता तेजस्वी यादव के कमरे में पहुंच गईं, जिसके बाद अब राजनीतिक गलियारों में क्रॉस वोटिंग की चर्चा तेज हो गई।
जानकारी के अनुसार हम पार्टी की विधायक ज्योति मांझी और दीपा मांझी विधानसभा में वोटिंग के दौरान महागठबंधन के विधायकों के पीछे-पीछे चलते हुए गलती से तेजस्वी यादव के कमरे में चली गईं। जैसे ही उन्हें अपनी गलती का एहसास हुआ, दोनों तुरंत कमरे से बाहर निकलकर वापस लौट गईं। इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दोनों विधायक कमरे से बाहर निकलती दिखाई दे रही हैं। इस दौरान वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने मजाक में कहा, “मैडम, यह तो क्रॉस वोटिंग हो गई।” इस पर दोनों विधायक हंसते हुए वहां से आगे बढ़ गईं।
Bihar Rajya Sabha Chunav 2026: गौरतलब है कि बिहार की पांच राज्यसभा सीटों के लिए मतदान जारी है। चुनावी मैदान में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के कई उम्मीदवार उतरे हैं। इनमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, रामनाथ ठाकुर, उपेन्द्र कुशवाहा और शिवेश कुमार शामिल हैं। वहीं राजद की ओर से भी एक उम्मीदवार चुनावी मैदान में है।
इन्हें भी पढ़ें:-