पटना, 14 फरवरी (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बिहार के बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में जारी विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लेने के लिए शनिवार को पटना में एक बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को परियोजनाओं के कार्यान्वयन में तेजी लाने का निर्देश दिया।
नवीन ने अपने आवास पर आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों से कहा कि वे प्राथमिकता के आधार पर तकनीकी और प्रशासनिक बाधाओं को दूर करें तथा विलंबित परियोजनाओं के काम में तेजी लाएं।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा, “सभी परियोजनाओं को गुणवत्ता बरकरार रखते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाना चाहिए। विकास कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बनी हुई है।”
बैठक के दौरान नवीन ने पेयजल आपूर्ति परियोजनाओं, शहरी विकास पहलों, सामुदायिक भवनों के निर्माण, सड़क निर्माण, जल निकासी प्रणालियों और स्वच्छता संबंधी परियोजनाओं पर अद्यतन जानकारी मांगी।
बांकीपुर से विधायक नवीन ने इस बात पर जोर दिया कि “जनसंपर्क और सुरक्षा किसी भी परियोजना के कार्यान्वयन के केंद्र में होनी चाहिए।” उन्होंने जलभराव की समस्या से निपटने के लिए जल निकासी व्यवस्था के रखरखाव पर तेजी से काम करने का आह्वान किया।
नवीन ने कहा, “बांकीपुर को एक आदर्श क्षेत्र के रूप में विकसित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। हम जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं।”
उन्होंने अधिकारियों को जमीनी हकीकत का आकलन करने, स्थानीय प्रतिनिधियों एवं नागरिकों से बातचीत करने और मुद्दों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के लिए क्षेत्र का दौरा करने का निर्देश दिया।
समीक्षा बैठक में पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज पाल, बिहार शहरी अवसंरचना विकास निगम (बीयूआईडीसीओ) के प्रबंध निदेशक अनिमेष पराशर, नगर आयुक्त यशपाल मीणा और बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के प्रबंध निदेशक जितेंद्र कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
नवीन बिहार के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। उनके रविवार को पटना में कई जगहों पर महाशिवरात्रि समारोह में हिस्सा लेने का कार्यक्रम है।
भाषा पारुल माधव
माधव