पटना, आठ अक्टूबर (भाषा) बिहार विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने उम्मीदवारों की प्रारंभिक सूची तैयार कर ली है जिसे अब केन्द्रीय चुनाव समिति और केन्द्रीय संसदीय बोर्ड को भेजा जाएगा। पार्टी सूत्रों ने यह जानकारी दी।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक 11 और 12 अक्टूबर को दिल्ली में होगी जिसमें प्रत्याशियों के नाम पर अंतिम मुहर लगाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि प्रदेश मुख्यालय सभागार में करीब तीन घंटे चली इस बैठक में प्रत्याशियों के चयन के लिए विभिन्न मानदंडों पर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ। इनमें उम्मीदवारों की जीत की संभावनाएं, क्षेत्र में सक्रियता, संगठनात्मक योगदान, प्रभाव क्षेत्र और सत्ता विरोधी लहर जैसे पहलुओं को प्रमुखता दी गई।
बैठक के बाद भाजपा की बिहार इकाई के अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘आज चुनाव समिति की तीसरी बैठक हुई। इसमें उन सीटों पर विशेष चर्चा की गई जहां पिछली बार हम जीत दर्ज नहीं कर सके थे।’’
उन्होंने बताया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए तीन से चार संभावित उम्मीदवारों का पैनल तैयार किया गया है, जिसे अब केंद्रीय नेतृत्व को भेजा जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘वहां चर्चा के बाद प्रत्याशियों के नाम अंतिम रूप से तय किए जाएंगे। यह पूरी प्रक्रिया अगले दो-तीन दिनों में पूरी कर ली जाएगी,’’
उन्होंने दावा किया कि भाजपा में प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया ‘‘बहुत सुचारू रूप से’’ जारी है और तय समय पर सब कुछ संपन्न हो जाएगा।
वहीं, बैठक के बाद उपमुख्यमंत्री और भाजपा नेता सम्राट चौधरी ने कहा कि पार्टी की राज्य चुनाव समिति की बैठक में सभी विधानसभा सीटों के लिए संभावित उम्मीदवारों के नाम तय कर लिए गए हैं, अब इन नामों को अंतिम स्वीकृति के लिए पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व को भेजा जाएगा। उन पर अंतिम मुहर लगाने का अधिकार केंद्रीय नेतृत्व के पास है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सहयोगी दलों से भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व लगातार बातचीत कर रहा है।
उन्होंने कहा, ‘‘राजग में सब कुछ ठीक है, सभी दल समन्वय और आपसी समझ के साथ आगे बढ़ रहे हैं।’’
बैठक में जायसवाल, केंद्रीय मंत्री और चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय और गिरिराज सिंह और अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
भाषा कैलाश शोभना
शोभना