पटना, 30 अप्रैल (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देशानुसार मई के तीसरे सप्ताह में पटना समेत बिहार के छह जिलों में हवाई हमले और ब्लैकआउट से संबंधित नागरिक सुरक्षा अभ्यास आयोजित किया जाएगा। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि राज्य स्तर पर नागरिक सुरक्षा निदेशालय को इसके आयोजन के लिए नोडल एजेंसी नामित किया गया है।
अधिकारी ने कहा कि इसकी तैयारी को लेकर बृहस्पतिवार को आपदा प्रबंधन विभाग के सभागार में संबंधित जिलों के जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों के साथ बैठक आयोजित की गई।
विभाग की ओर से जारी बयान के अनुसार बैठक की अध्यक्षता आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने की।
बयान में कहा गया है कि वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से आयोजित बैठक में सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार के निर्देशानुसार नागरिक सुरक्षा को लेकर वर्ष में कम से कम दो बार अर्द्धवार्षिक अभ्यास आयोजित किया जाना है।
उन्होंने कहा कि पिछले अभ्यास में पटना समेत कई जिलों का प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा था।
अधिकारी ने कहा कि अभ्यास के दौरान निर्धारित तिथि और समय पर सभी स्थानों पर एक साथ सायरन बजाए जाएंगे।
सचिव ने संबंधित जिलों में सायरन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ब्लैकआउट में बिजली विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका होगी, इसलिए जिला प्रशासन समय रहते बिजली विभाग से समन्वय स्थापित करे।
उन्होंने कहा कि सायरन बजाने के लिए चौराहों पर लगे साउंड सिस्टम, थानों और अग्निशमन वाहनों का भी उपयोग किया जा सकता है।
आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार नागरिक सुरक्षा अभ्यास पटना, किशनगंज, बेगूसराय, पूर्णिया, अररिया और कटिहार जिलों में आयोजित किया जाएगा।
भाषा कैलाश जोहेब
जोहेब