पटना, 13 मार्च (भाषा) बिहार में ‘घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कोई कमी नहीं’ होने के प्रशासन के दावों के बावजूद शुक्रवार को कई जिलों में बड़ी संख्या में लोग बुकिंग और आपूर्ति के लिए गैस एजेंसियों के कार्यालय पहुंचे।
पटना, भागलपुर, रोहतास और कटिहार समेत कई जिलों में एलपीजी वितरण एजेंसियों पर लोगों की भीड़ देखी गई।
इस बीच खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने राज्य में रसोई गैस (एलपीजी) से संबंधित समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए राजधानी पटना में एक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है।
विभाग की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार यह नियंत्रण कक्ष प्रतिदिन सुबह सात बजे से रात नौ बजे तक कार्यरत रहेगा। इस अवधि के दौरान राज्य के उपभोक्ता एलपीजी की उपलब्धता, वितरण या उससे संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या व शिकायत के लिए नियंत्रण कक्ष से संपर्क कर सकते हैं।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि आम लोग अपनी समस्याओं और परेशानियों की जानकारी नियंत्रण कक्ष के टेलीफोन नंबर 0612-2233050 पर दे सकते हैं, ताकि विभाग त्वरित संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कर सके।
खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि एलपीजी से संबंधित किसी भी समस्या के दौरान अनावश्यक भ्रमित होने के बजाय विभाग द्वारा स्थापित नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें ताकि समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
इधर
पटना के जिलाधिकारी एस. एम. थियागराजन ने यहां संवाददाताओं से कहा कि जिले में एलपीजी सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है और स्थिति सामान्य है।
उन्होंने कहा, “जिले में एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति में कोई कमी नहीं है। लोगों को घबराहट में खरीदारी करने से बचना चाहिए। स्थिति सामान्य है।”
जिलाधिकारी ने लोगों से अपील की कि वे धैर्य रखें और अफवाहों से गुमराह होने के बजाय जिला प्रशासन द्वारा दी जा रही आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें।
उन्होंने कहा, “आज मैंने आईओसीएल, बीपीसीएल, एचपीसीएल और गेल के क्षेत्रीय अधिकारियों के साथ बैठक की, जिन्होंने आश्वस्त किया है कि घरेलू एलपीजी की आपूर्ति में कोई कमी नहीं है।”
भाषा कैलाश जोहेब
जोहेब