पटना, 25 मार्च (भाषा) जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के नेता निशांत कुमार ने बुधवार को कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पिछले 20 वर्षों के कार्यों और उपलब्धियों को ‘बुकलेट’ के माध्यम से घर-घर तक पहुंचाया जाना चाहिए, ताकि जनता विकास कार्यों से भली-भांति अवगत हो सके।
जदयू की ओर से जारी बयान के अनुसार निशांत ने पटना में स्थित पार्टी के प्रदेश कार्यालय में सारण प्रमंडल के तीन जिलों गोपालगंज, सिवान और छपरा के जिलाध्यक्षों तथा संबंधित प्रखंड अध्यक्षों के साथ विचार-विमर्श के दौरान यह बात कही। उन्होंने कहा कि वह अपने पिता और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में कार्य करेंगे तथा संगठन को मजबूत बनाने की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए वरिष्ठ नेताओं और जमीनी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलेंगे।
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनके पिता पर स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद बनाए रखा है, उन्हें भरोसा है कि वही समर्थन उन्हें भी प्राप्त होगा।
हाल ही में जदयू की सदस्यता लेने वाले निशांत ने कहा कि वर्ष 2005 के बाद बिहार में स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में हुए विकास कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचाना सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है।
भाषा कैलाश जोहेब
जोहेब