‘पटना मरीन ड्राइव’ बदलते बिहार की सुखद तस्वीर, देशभर से देखने आ रहें हैं लोग: सम्राट चौधरी

Ads

‘पटना मरीन ड्राइव’ बदलते बिहार की सुखद तस्वीर, देशभर से देखने आ रहें हैं लोग: सम्राट चौधरी

  •  
  • Publish Date - March 26, 2026 / 08:25 PM IST,
    Updated On - March 26, 2026 / 08:25 PM IST

पटना, 26 मार्च (भाषा) बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बृहस्पतिवार को कहा कि पटना में बने ‘मरीन ड्राइव’ (जेपी गंगा पथ) को देखने के लिए देशभर से लोग आ रहे हैं और यह बदलते बिहार की सुखद तस्वीर है।

उन्होंने कहा कि दीघा से कोइलवर और मुंगेर से भागलपुर तक लगभग 125 किलोमीटर लंबा ‘मरीन ड्राइव’ बनाने का काम तेजी से चल रहा है तथा इसके पूरा होने के बाद पर्यटन और रोजगार को नया आयाम मिलेगा।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ‘समृद्धि यात्रा’ के समापन अवसर पर यहां बापू सभागार में एक सभा को संबोधित करते हुए चौधरी ने कहा कि न्याय यात्रा, परिवर्तन यात्रा, विकास यात्रा, प्रगति यात्रा और अब समृद्धि यात्रा के माध्यम से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार ने बिहार में विकास की मजबूत नींव रखी है।

उन्होंने कहा कि आज सम्राट अशोक की जयंती है जिन्होंने भारत को स्वर्णिम काल दिया और अखंड भारत की कल्पना को साकार किया।

उन्होंने कहा कि बिहार सरकार ने सम्राट अशोक की विरासत को सम्मान देने के लिए बापू सभागार, ज्ञान भवन और सभ्यता द्वार को सम्राट अशोक कन्वेंशन सेंटर का नाम दिया है। चौधरी ने कहा कि ये केवल भवन नहीं, बल्कि बिहार के गौरव के प्रतीक हैं।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि 2005 से पहले बिहार में सड़क, बिजली, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं का घोर अभाव था, उस समय राज्य में केवल छह हजार किलोमीटर सड़कें थीं, जो अब बढ़कर करीब एक लाख 40 हजार किलोमीटर हो चुकी हैं।

उन्होंने बिजली के क्षेत्र में भी बड़ा सुधार होने का दावा करते हुए कहा कि पहले जहां केवल 17 लाख उपभोक्ता थे, अब उनकी संख्या बढ़कर दो करोड़ 16 लाख हो गई है और 23 से 24 घंटे बिजली की आपूर्ति हो रही है।

उन्होंने कहा कि 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने की योजना से लगभग 88 प्रतिशत परिवारों का बिजली बिल शून्य आ रहा है।

उन्होंने कहा कि महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए साइकिल, पोशाक और छात्रवृत्ति जैसी योजनाएं चलाई जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव में 50 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है और एक करोड़ 81 लाख महिलाओं के खातों में 10 हजार रुपये भेजकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया गया है। उन्होंने कहा कि आज जीविका समूहों से जुड़ी महिलाएं एक लाख 21 हजार करोड़ रुपये का कारोबार कर रही हैं।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में पलायन रोकने के लिए उद्योगों को बढ़ावा दिया जा रहा है तथा पिछले पांच वर्षों में 50 लाख से अधिक लोगों को नौकरी और रोजगार दिया गया है और आने वाले पांच वर्षों में एक करोड़ रोजगार सृजन का लक्ष्य है।

उन्होंने कहा कि ‘फोरलेन’, ‘सिक्स लेन’ और एक्सप्रेस-वे के निर्माण के बाद अब सरकार हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए काम कर रही है तथा पटना, गया, दरभंगा और पूर्णिया में हवाई अड्डों के विकास के बाद राज्य के अन्य हिस्सों में भी हवाई सेवाओं के विस्तार की दिशा में काम हो रहा है।

उन्होंने कहा कि बिहटा, सोनपुर, भागलपुर, मुजफ्फरपुर, मुंगेर, सुल्तानगंज, बीरपुर, वाल्मीकिनगर और रक्सौल में भी हवाई अड्डों के निर्माण की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

भाषा कैलाश

राजकुमार

राजकुमार