पटना, चार फरवरी (भाषा) बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बुधवार को कहा कि विशेष भूमि सर्वेक्षण कार्य में गलत रिपोर्टिंग और लापरवाही किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग का प्रभार संभाल रहे सिन्हा ने कहा कि लापरवाही बरतने वाले कर्मचारी और अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि हर हाल में निर्धारित समय-सीमा के भीतर विशेष भूमि सर्वेक्षण कार्य पूरा करना होगा।
सिन्हा ने राज्य में जारी विशेष भूमि सर्वेक्षण कार्यों की यहां स्थित अपने कार्यालय में विस्तृत समीक्षा की।
इस दौरान उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा वर्ष 2011 में घोषित बिहार विशेष भूमि सर्वेक्षण को आगामी दो वर्षों में पूर्ण कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। लक्ष्य की प्राप्ति के लिए संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक जिले में तय समय-सीमा के अनुसार कार्य की विस्तृत रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।”
उपमुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि सर्वेक्षण कार्य पूर्ण पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ संपन्न हो, ताकि आम जनता को इसका वास्तविक लाभ शीघ्र मिल सके।
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सर्वेक्षण का उद्देश्य केवल औपचारिक रूप से कार्य पूरा करना नहीं, बल्कि आम लोगों की वास्तविक समस्याओं की पहचान कर उनका समाधान सुनिश्चित करना है।
सिन्हा ने कहा, “किसी प्रकार की गलती की शिकायत मिलने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। जहां भी त्रुटि या अनावश्यक विलंब पाया जाएगा, वहां संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।”
भाषा कैलाश
नोमान
नोमान