पटना में विवाद के दौरान युवक को थप्पड़ मारने को लेकर उपनिरीक्षक निलंबित

Ads

पटना में विवाद के दौरान युवक को थप्पड़ मारने को लेकर उपनिरीक्षक निलंबित

  •  
  • Publish Date - February 1, 2026 / 09:40 PM IST,
    Updated On - February 1, 2026 / 09:40 PM IST

पटना, एक फरवरी (भाषा) पटना के बिहटा इलाके में एक संपत्ति विवाद को लेकर दो गुटों के बीच हुए झगड़े के दौरान एक व्यक्ति को थप्पड़ मारने का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद एक उपनिरीक्षक को रविवार को निलंबित कर दिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

महिला उपनिरीक्षक की तैनाती बिहटा थाने में थी।

पटना सिटी (पश्चिम) पुलिस अधीक्षक भानु प्रताप सिंह ने रविवार को संवाददाताओं से कहा, “यह घटना हाल की है, जब उपनिरीक्षक बिहटा में जमीन विवाद से संबंधित एक सूचना पर गई थीं। वहां दो पक्षों के बीच तीखी बहस हो रही थी। उसी दौरान उन्होंने हस्तक्षेप किया और एक व्यक्ति को थप्पड़ मार दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया था। हमने वीडियो की जांच की और वह सही पाया गया।”

हालांकि, ‘पीटीआई-भाषा’ वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सका।

एसपी ने कहा कि मामले की जांच के आदेश दिए गए थे, जिसमें पुलिस अधिकारी का आचरण अनुचित और पुलिस प्रशिक्षण नियमावली के विरुद्ध पाया गया।

उन्होंने कहा, “उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है और उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।”

भाषा कैलाश अमित

अमित