पटना में संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद तीन अपराधी गिरफ्तार

Ads

पटना में संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद तीन अपराधी गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - May 13, 2026 / 11:26 AM IST,
    Updated On - May 13, 2026 / 11:26 AM IST

पटना, 13 मई (भाषा) बिहार की राजधानी पटना के बिहटा इलाके में पुलिस ने बुधवार तड़के एक संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

गिरफ्तार अपराधियों की पहचान अवधेश राव उर्फ विदेशिया, पप्पू राय और दीपक कुमार के रूप में हुई है। ये सभी हत्या के कई मामलों में वांछित बताए जाते हैं।

पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्तिकेय शर्मा ने संवाददाताओं से कहा, “यह घटना बुधवार तड़के बिहटा इलाके में हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि तीन अपराधी बिहटा में किसी अपराध को अंजाम देने की तैयारी कर रहे हैं। इसके बाद जिला पुलिस की एक टीम ने जाल बिछाकर उन्हें पकड़ लिया।”

उन्होंने कहा, “पूछताछ के दौरान अपराधियों की निशानदेही पर पुलिस उन्हें उस स्थान पर लेकर गई, जहां उन्होंने वारदात को अंजाम देने के लिए कुछ हथियार छिपाकर रखे थे। वहां पहुंचते ही अपराधियों ने पुलिस टीम पर गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस ने नियंत्रित तरीके से जवाबी फायरिंग की। अंततः पुलिस ने तीनों अपराधियों को फिर से काबू कर लिया।”

एसएसपी ने बताया कि अवधेश राव और पप्पू राय के पैर में गोली लगी है और उनका सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

उन्होंने कहा कि गिरफ्तार अपराधियों के संबंध में अन्य जानकारियां जुटाई जा रही हैं।

भाषा कैलाश

मनीषा

मनीषा