कपड़ा क्षेत्र के लिए पीएलआई योजना में 96 कंपनियों का चयन, 12,822 करोड़ रुपय निवेश की प्रतिबद्धता

Ads

कपड़ा क्षेत्र के लिए पीएलआई योजना में 96 कंपनियों का चयन, 12,822 करोड़ रुपय निवेश की प्रतिबद्धता

  •  
  • Publish Date - June 10, 2026 / 05:24 PM IST,
    Updated On - June 10, 2026 / 05:24 PM IST

नयी दिल्ली, 10 जून (भाषा) सरकार ने कपड़ा क्षेत्र के लिए उत्पादन से जुड़ी प्रोत्साहन (पीएलआई) योजना के तीसरे चरण के अंतर्गत कुल 96 कंपनियों का चयन किया है। इन कंपनियों द्वारा 12,822.67 करोड़ रुपये के निवेश की प्रतिबद्धता जताई गई है। सरकार की ओर से बुधवार को यह जानकारी दी गई।

कपड़ा मंत्रालय के अनुसार, तीसरे चरण की ताजा बैठक में 22 नए आवेदकों को मंजूरी दी गई है।

इन 22 कंपनियों से 2,339.14 करोड़ रुपये का निवेश मिलने, अधिसूचित उत्पादों में 15,561.34 करोड़ रुपये के कारोबार तथा वस्त्र मूल्य श्रृंखला में 36,217 रोजगार के अवसरों के सृजन की उम्मीद है।

मंत्रालय ने कहा कि तीसरे चरण के अंतर्गत चयनित सभी 96 कंपनियों से कुल 58,294.18 करोड़ रुपये के संभावित कारोबार का अनुमान है। चयनित कंपनियां मुख्य रूप से मानव निर्मित रेशा (एमएमएफ) परिधान, एमएमएफ फैब्रिक और तकनीकी वस्त्र जैसे क्षेत्रों में निवेश करेंगी, जिससे भारत को मूल्यवर्धित कपड़ा विनिर्माण के वैश्विक केंद्र के रूप में स्थापित करने में मदद मिलेगी।

मंत्रालय के अनुसार, पीएलआई योजना के प्रति उद्योग जगत की बढ़ती रुचि यह दर्शाती है कि सरकार द्वारा इस क्षेत्र के उभरते और उच्च संभावनाओं वाले क्षेत्रों में निवेश को बढ़ावा देने के प्रयास सफल हो रहे हैं।

प्रस्तावित निवेश और उत्पादन क्षमता से देश में एक मजबूत, प्रतिस्पर्धी और वैश्विक स्तर पर सक्षम कपड़ा परिवेश विकसित होगा, जो ‘आत्मनिर्भर भारत’ के लक्ष्य को आगे बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगा।

उल्लेखनीय है कि कपड़ा क्षेत्र के लिए पीएलआई योजना 24 सितंबर, 2021 को अधिसूचित की गई थी। इसका उद्देश्य देश में मानव निर्मित रेशा आधारित परिधान एवं कपड़ों तथा तकनीकी वस्त्रों के उत्पादन को बढ़ावा देना, उद्योग को आकार और प्रतिस्पर्धी क्षमता प्रदान करना, रोजगार सृजित करना और टिकाऊ औद्योगिक विकास को समर्थन देना है।

भाषा अजय अजय रमण

रमण