एब्सोल्यूट प्रोजेक्ट्स, जिंदल सुप्रीम को मिली आईपीओ लाने की मंजूरी

Ads

एब्सोल्यूट प्रोजेक्ट्स, जिंदल सुप्रीम को मिली आईपीओ लाने की मंजूरी

  •  
  • Publish Date - July 20, 2026 / 04:17 PM IST,
    Updated On - July 20, 2026 / 04:17 PM IST

नयी दिल्ली, 20 जुलाई (भाषा) बाजार नियामक सेबी ने एब्सोल्यूट प्रोजेक्ट्स (इंडिया) लिमिटेड और जिंदल सुप्रीम (इंडिया) लिमिटेड को आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के जरिये धन जुटाने की मंजूरी दे दी है।

भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) की तरफ से सोमवार को जारी अद्यतन सूचना के मुताबिक, दोनों कंपनियों को 17 जुलाई को नियामकीय टिप्पणी मिली है, जो आईपीओ लाने की मंजूरी है।

दोनों कंपनियों ने अप्रैल-मई के दौरान आईपीओ की मंजूरी के लिए दस्तावेज दाखिल किए थे।

बिजली पारेषण और वितरण अवसंरचना परियोजनाओं के क्रियान्वयन से जुड़ी एब्सोल्यूट प्रोजेक्ट्स का आईपीओ पूरी तरह दो करोड़ नए इक्विटी शेयरों का निर्गम होगा। इसमें बिक्री पेशकश (ओएफएस) शामिल नहीं होगी।

वहीं, जिंदल सुप्रीम के आईपीओ में 1.07 करोड़ इक्विटी शेयरों का नया निर्गम और 26.87 लाख शेयरों का ओएफएस शामिल होगा। कंपनी विभिन्न अवसंरचना और औद्योगिक उपयोगों के लिए स्टील पाइप और ट्यूब का निर्माण और आपूर्ति करती है।

दोनों कंपनियों के शेयर बीएसई और एनएसई दोनों शेयर बाजारों पर सूचीबद्ध होंगे।

भाषा प्रेम

प्रेम अजय

अजय