आदित्य बिड़ला कैपिटल वृद्धि योजनाओं के लिए 4,000 करोड़ रुपये जुटाएगी
आदित्य बिड़ला कैपिटल वृद्धि योजनाओं के लिए 4,000 करोड़ रुपये जुटाएगी
मुंबई, 20 मई (भाषा) आदित्य बिड़ला कैपिटल ने बुधवार को कहा कि वह भविष्य की वृद्धि योजनाओं के लिए अपने प्रवर्तक समूह और अंतरराष्ट्रीय वित्त निगम (आईएफसी) से 4,000 करोड़ रुपये जुटाएगी।
ऋण, निवेश, बीमा और भुगतान सेवाओं के क्षेत्र में सक्रिय कंपनी ने कहा कि निदेशक मंडल ने निवेश प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। आदित्य बिड़ला समूह 3,080 करोड़ रुपये का निवेश करेगा, जबकि आईएफसी 980 करोड़ रुपये का निवेश करेगी।
यह निवेश तरजीही आधार पर शेयर जारी कर किया जाएगा। शेयरों का निर्गम मूल्य 356.02 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है, जो बुधवार के बंद भाव 352.70 रुपये प्रति शेयर से अधिक है।
कंपनी ने कहा कि इस पूंजी का इस्तेमाल पूंजी आधार मजबूत करने, ऋण व्यवसाय की वित्तपोषण जरूरतें पूरी करने और अनुषंगी कंपनियों, संयुक्त उद्यमों एवं संबद्ध संस्थाओं में निवेश जैसे सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।
आदित्य बिड़ला समूह के चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला ने कहा कि वित्तीय सेवाएं भारत के आर्थिक परिवर्तन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं, जो पूंजी निर्माण, वित्तीय समावेशन और औपचारिक अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देती हैं।
आदित्य बिड़ला कैपिटल की प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी विशाखा मुले ने कहा कि यह पूंजी निवेश कंपनी को विकास के अवसरों का लाभ उठाने, ग्राहकों से जुड़ाव बढ़ाने और डिजिटल समाधान प्रदान करने में मदद करेगा।
आईएफसी के एशिया-प्रशांत क्षेत्र के उपाध्यक्ष सर्वेश सूरी ने कहा कि यह निवेश छोटे व्यवसायों को वित्तपोषण उपलब्ध कराने में मदद करेगा।
भाषा प्रेम
प्रेम अजय
अजय

Facebook


