गुवाहाटी, 17 जून (भाषा) दूरसंचार कंपनी एयरटेल ने अरुणाचल प्रदेश के दुर्गम इलाकों में स्थित भारतीय सेना के 30 ठिकानों पर दूरसंचार अवसंरचना की स्थापना की है, जिससे वहां निर्बाध संपर्क सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
कंपनी ने एक बयान में कहा कि भारतीय सेना ने सीमावर्ती और दुर्गम क्षेत्रों में अंतिम छोर तक संपर्क सुविधा उपलब्ध कराने के लिए एयरटेल के साथ साझेदारी की थी।
बयान के अनुसार, ‘‘इस पहल के तहत एयरटेल ने चुनौतीपूर्ण पर्वतीय क्षेत्रों में स्थित सेना के 30 ठिकानों पर दूरसंचार नेटवर्क अवसंरचना स्थापित की है।’’
कंपनी ने कहा कि इस व्यवस्था से उन क्षेत्रों में वॉयस और डेटा संपर्क सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है, जहां भौगोलिक और बुनियादी ढांचे संबंधी बाधाओं के कारण अब तक संपर्क सुविधा सीमित रही थी।
एयरटेल ने कहा, ‘‘यह उपलब्धि एयरटेल और भारतीय सेना के बीच मजबूत सहयोग से संभव हो सकी।’’
एयरटेल ने कहा कि परियोजना के पहले चरण के सफलतापूर्वक पूरा होने के बाद अब दूसरे चरण का मार्ग प्रशस्त हो गया है।
कंपनी के अनुसार, परियोजना के प्रभाव को देखते हुए भारतीय सेना और एयरटेल ने दूसरे चरण पर सहमति जताई है, जिसके तहत अरुणाचल प्रदेश में 15 अतिरिक्त स्थानों पर नेटवर्क साइट स्थापित की जाएंगी।
इस घटनाक्रम पर टिप्पणी करते हुए एयरटेल के पूर्वोत्तर और असम क्षेत्र के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) बालाजी आर ने कहा, ‘‘यह पहल देश के सबसे दुर्गम इलाकों तक संपर्क सुविधा पहुंचाने की एयरटेल की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।’’
भाषा योगेश अजय
अजय