अशियाना हाउसिंग ने महाराष्ट्र में बुजुर्गों की आवासीय परियोजना के लिए जमीन खरीदी

Ads

अशियाना हाउसिंग ने महाराष्ट्र में बुजुर्गों की आवासीय परियोजना के लिए जमीन खरीदी

  •  
  • Publish Date - February 10, 2026 / 09:57 PM IST,
    Updated On - February 10, 2026 / 09:57 PM IST

नयी दिल्ली, 10 फरवरी (भाषा) रियल एस्टेट कंपनी अशियाना हाउसिंग लि. ने महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में लगभग 8.83 एकड़ भूमि का अधिग्रहण किया है। कंपनी इस जमीन का उपयोग बुजुर्गों के लिए आवासीय परियोजना विकसित करने के लिए करेगी।

कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि कंपनी ने रायगढ़ के खालापुर तालुका स्थित वावरले गांव में यह जमीन विभिन्न विक्रेताओं से सीधे खरीदी है।

आशियाना हाउसिंग इस जमीन का उपयोग बुजुर्गों के लिए आवासीय परियोजना विकसित करने के लिए करेगी। कंपनी का इस भूमि पर लगभग 4.50 लाख वर्ग फुट बिक्री योग्य क्षेत्र विकसित करने का प्रस्ताव है।

आशियाना हाउसिंग ने एक अलग बयान अपने कामकाज के विस्तार के तहत ‘एपॉक एल्डर केयर’ के साथ एक रणनीतिक साझेदारी की भी घोषणा की है। इस सहयोग के माध्यम से भिवाड़ी स्थित ‘अशियाना केयर होम्स’ में बुजुर्गों को विशेष सहायता और डिमेंशिया (भूलने की बीमारी) जैसी स्थितियों में पेशेवर देखभाल प्रदान की जाएगी।

इस 48 बिस्तरों वाले परिसर के संचालन की पूरी जिम्मेदारी अब एपॉक एल्डर केयर की होगी।

अशियाना हाउसिंग के संयुक्त प्रबंध निदेशक अंकुर गुप्ता ने कहा कि एपॉक के साथ यह साझेदारी कंपनी के पेशेवर और चिकित्सीय देखभाल प्रदान करने के संकल्प को मजबूत करेगी।

वर्ष 1979 में स्थापित अशियाना हाउसिंग लिमिटेड देश में रियल एस्टेट क्षेत्र की प्रमुख कंपनी है। अशियाना के पोर्टफोलियो में अब तक 55 से अधिक परियोजनाएं शामिल हैं, जिनमें बुजुर्गों के आवास के अलावा प्रीमियम मकान और बच्चों की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाए गए घर भी शामिल हैं।

भाषा सुमित रमण

रमण

शीर्ष 5 समाचार