विशेष निवेश कोष का एयूएम जून में 29 प्रतिशत बढ़कर 17,858 करोड़ रुपये पर

विशेष निवेश कोष का एयूएम जून में 29 प्रतिशत बढ़कर 17,858 करोड़ रुपये पर

विशेष निवेश कोष का एयूएम जून में 29 प्रतिशत बढ़कर 17,858 करोड़ रुपये पर
Modified Date: July 12, 2026 / 12:15 pm IST
Published Date: July 12, 2026 12:15 pm IST

नयी दिल्ली, 12 जुलाई (भाषा) विशेष निवेश कोष (एसआईएफ) के प्रबंधन के तहत परिसंपत्तियां (एयूएम) जून, 2026 के अंत तक मासिक आधार पर 29 प्रतिशत बढ़कर 17,858 करोड़ रुपये हो गईं। इसका प्रमुख कारण हाइब्रिड निवेश रणनीतियों में निवेशकों का बढ़ता रुझान रहा। यह जानकारी एसोसिएशन ऑफ म्यूचुल फंड्स इन इंडिया (एम्फी) के आंकड़ों से मिली है।

मई के अंत तक एसआईएफ का कुल एयूएम 13,814 करोड़ रुपये था, जो जून के अंत तक बढ़कर 17,858 करोड़ रुपये हो गया। इसी दौरान मासिक निवेश प्रवाह बढ़कर 3,782 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।

भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) ने फरवरी, 2025 में एसआईएफ ढांचा पेश किया था। इसका उद्देश्य पारंपरिक म्यूचुअल फंड और अधिक निवेश राशि वाली पोर्टफोलियो प्रबंधन सेवाओं (पीएमएस) के बीच की दूरी को कम करना है। एसआईएफ के तहत निवेशकों को हेजिंग, डेरिवेटिव और दीर्घावधि जैसी लचीली निवेश रणनीतियों का विकल्प मिलता है।

वैल्यूमेट्रिक्स म्यूचुअल फंड एंड एसआईएफ फ्लो मीटर की रिपोर्ट के अनुसार, जून के अंत तक हाइब्रिड निवेश रणनीतियों का एसआईएफ के कुल एयूएम में 72 प्रतिशत हिस्सा रहा। इस श्रेणी का एयूएम 12,822 करोड़ रुपये रहा।

हाइब्रिड दीर्घावधि के कोष अकेले 11,910 करोड़ रुपये की परिसंपत्तियों का प्रबंधन कर रहे थे, जो एसआईएफ उद्योग के कुल एयूएम का 67 प्रतिशत है।

वहीं, इक्विटी आधारित निवेश रणनीतियों का एयूएम 5,036 करोड़ रुपये रहा, जो कुल एयूएम का 28 प्रतिशत है।

जून के दौरान हाइब्रिड दीर्घावधि के कोषों में 2,043 करोड़ रुपये का निवेश आया, जबकि मई में यह आंकड़ा 707 करोड़ रुपये था। अक्टूबर, 2024 से अबतक इस रणनीति में कुल 11,568 करोड़ रुपये का निवेश आ चुका है, जो एसआईएफ में कुल निवेश प्रवाह का 66 प्रतिशत है।

इसी अवधि में इक्विटी आधारित निवेश रणनीतियों में 1,097 करोड़ रुपये का निवेश आया, जो मई के 652 करोड़ रुपये की तुलना में 68 प्रतिशत अधिक है। अक्टूबर, 2024 से इस श्रेणी में कुल 4,938 करोड़ रुपये का निवेश हुआ है, जो कुल एसआईएफ निवेश प्रवाह का 28 प्रतिशत है।

रिपोर्ट के अनुसार, अक्टूबर, 2024 से अबतक एसआईएफ में कुल 17,407 करोड़ रुपये का निवेश आ चुका है। इससे इस नए निवेश विकल्प के प्रति निवेशकों की बढ़ती स्वीकार्यता का संकेत मिलता है।

इस बीच, जून में पूरे म्यूचुअल फंड उद्योग का कुल एयूएम बढ़कर 82.2 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया।

भाषा अजय अजय

अजय

अजय


लेखक के बारे में