बजाज फिनसर्व का शुद्ध लाभ पहली तिमाही में 18 प्रतिशत बढ़कर 6,297 करोड़ रुपये पर

Ads

बजाज फिनसर्व का शुद्ध लाभ पहली तिमाही में 18 प्रतिशत बढ़कर 6,297 करोड़ रुपये पर

  •  
  • Publish Date - July 31, 2026 / 06:45 PM IST,
    Updated On - July 31, 2026 / 06:45 PM IST

नयी दिल्ली, 31 जुलाई (भाषा) बजाज फिनसर्व लिमिटेड (बीएफएल) का एकीकृत शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष 2026-27 की जून तिमाही में 18 प्रतिशत बढ़कर 6,297 करोड़ रुपये हो गया।

पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी का शुद्ध लाभ 5,329 करोड़ रुपये था।

कंपनी ने शेयर बाजार को बताया कि समीक्षाधीन तिमाही में उसकी कुल आय बढ़कर 42,037 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 35,300 करोड़ रुपये थी।

बजाज फिनसर्व, बजाज समूह के विभिन्न वित्तीय सेवा कारोबारों की होल्डिंग कंपनी है।

कंपनी के निदेशक मंडल ने नियामकीय मंजूरी के अधीन पुनर्बीमा कारोबार शुरू करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी है।

बीएफएल ने कहा, ‘‘भारतीय बीमा विनियामक एवं विकास प्राधिकरण (आईआरडीएआई) और अन्य संबंधित प्राधिकरणों की स्वीकृति मिलने के बाद एक अनुषंगी कंपनी के माध्यम से पुनर्बीमा कारोबार शुरू किया जाएगा।’’

समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी का कुल खर्च बढ़कर 33,110 करोड़ रुपये हो गया, जो वित्त वर्ष 2025-26 की समान तिमाही में 28,097 करोड़ रुपये था।

कंपनी की अनुषंगी बजाज जनरल इंश्योरेंस का शुद्ध लाभ जून तिमाही में 28 प्रतिशत घटकर 478 करोड़ रुपये रह गया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 660 करोड़ रुपये था।

हालांकि, जून तिमाही में कंपनी का सकल प्रीमियम 11 प्रतिशत बढ़कर 5,789 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमही में 5,202 करोड़ रुपये था।

बीएफएल की एक अन्य अनुषंगी कंपनी बजाज लाइफ इंश्योरेंस के शेयरधारकों का लाभ भी घटकर 51 करोड़ रुपये रह गया, जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में यह 171 करोड़ रुपये था।

भाषा

यासिर पाण्डेय

पाण्डेय