अनुकूल मौसम की वजह से इस साल कश्मीर में हुई बादाम की बंपर पैदावार
अनुकूल मौसम की वजह से इस साल कश्मीर में हुई बादाम की बंपर पैदावार
श्रीनगर, 30 जुलाई (भाषा) अनुकूल मौसम की वजह से इस साल कश्मीर में बादाम की भारी पैदावार हुई है।
पुलवामा के मुख्य बागवानी अधिकारी रियाज़ अहमद शाह ने पीटीआई-भाषा को बताया, ‘‘बादाम की खेती के लिए इस साल मौसम बहुत अनुकूल रहा। पिछले वर्षों में मौसम की वजह से पैदावार कम हुई थी। लेकिन इस साल अनुकूल मौसम के कारण अच्छी पैदावार हुई है।’’
उन्होंने कहा कि बादाम उत्पादक इस बात से संतुष्ट हैं कि पिछले दो-तीन साल की तुलना में इस साल पैदावार में काफी बढ़ोतरी हुई है।
उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि, उनकी मांग है कि कृषि और बागवानी विभाग बादाम की खेती पर अधिक से अधिक ध्यान दें।’’
शाह ने कहा कि बागवानी विभाग द्वारा बाग मालिकों को समय-समय पर दी गई सलाह से भी किसानों को बादाम की पैदावार बेहतर करने में मदद मिली।
बादाम उत्पादक गुलाम मोहम्मद भट ने कहा कि पिछले साल की तुलना में इस साल पैदावार बेहतर हुई है, लेकिन पिछले तीन दशक में पैदावार धीरे-धीरे कम हो रही है।
भट ने कहा कि जलवायु परिवर्तन ने पिछले कुछ वर्षों में बादाम की फसल पर बहुत बुरा असर डाला है।
उन्होंने कहा, ‘‘मौसम का कोई भरोसा नहीं रहा; कभी सूखा पड़ता था, तो कभी भारी बारिश होती थी। मौसम का प्राकृतिक संतुलन बिगड़ गया और इसका सबसे ज़्यादा असर बादाम के पेड़ों पर पड़ा।’’ उन्होंने बताया कि सूखे के दौर और 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने वाली तेज गर्मी के कारण बादाम के पेड़ सूखने लगे।
उन्होंने कहा कि किसानों ने सेब जैसी दूसरी फसलों पर ध्यान देना शुरू कर दिया, जो खूब फली-फूलीं। भट ने दावा किया कि सरकारी अधिकारियों की लापरवाही के कारण बादाम की खेती वाली ज़मीन कम हो गई है।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय

Facebook


