डिजिटल बाजार में नई चुनौतियों से निपटने को तैयार सीसीआई
डिजिटल बाजार में नई चुनौतियों से निपटने को तैयार सीसीआई
नयी दिल्ली, 20 मई (भाषा) भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) की सदस्य श्वेता कक्कड़ ने बुधवार को कहा कि आयोग सही संतुलन बनाने का प्रयास कर रहा है ताकि न तो अत्यधिक विनियमन नवाचार को बाधित करे और न ही बड़ी प्रौद्योगिकी कंपनियों को एकाधिकार की अनुमति मिले।
भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) के 17वें वार्षिक दिवस समारोह में उन्होंने कहा कि कृत्रिम मेधा (एआई) का उदय और इसका मूल्य निर्धारण, एल्गोरिदम तथा डिजिटल परिवेश पर प्रभाव नई चुनौतियां हैं और नियामक इनसे प्रभावी ढंग से निपटेगा।
सीसीआई का दायित्व बाजार में अनुचित व्यावसायिक प्रथाओं पर नजर रखना और निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना है।
उन्होंने कहा, ‘‘ हम ऐसे मोड़ पर हैं जहां सीसीआई सही संतुलन बनाने की कोशिश कर रहा है ताकि न तो अत्यधिक विनियमन से नवाचार बाधित हो और न ही बड़ी कंपनियों को एकाधिकार की अनुमति मिले।’’
सीसीआई डिजिटल बाजारों में अनुचित व्यावसायिक प्रथाओं के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है और प्रतिस्पर्धा मानकों के उल्लंघन पर संस्थाओं के खिलाफ आदेश भी पारित कर चुका है।
भाषा निहारिका
निहारिका

Facebook


