एफसीएनआर (बी) योजना के तहत सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने जुटाए 25 करोड़ डॉलर: सीईओ

Ads

एफसीएनआर (बी) योजना के तहत सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने जुटाए 25 करोड़ डॉलर: सीईओ

  •  
  • Publish Date - August 12, 2026 / 03:00 PM IST,
    Updated On - August 12, 2026 / 03:00 PM IST

मुंबई, 12 अगस्त (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र के सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) कल्याण कुमार ने कहा हैकि बैंक ने भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की ओर से शुरू की गई विदेशी मुद्रा प्रवासी (बैंक) (एफसीएनआर-बी) जमा योजना के तहत 25 करोड़ अमेरिकी डॉलर जुटाए हैं।

बैंक ने जुलाई के लिए आंतरिक रूप से तय 10 करोड़ अमेरिकी डॉलर के लक्ष्य को पार करते हुए 25 करोड़ अमेरिकी डॉलर जुटाए हैं।

सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) कल्याण कुमार ने यहां फिक्की और भारतीय बैंक संघ (आईबीए) के सालाना कार्यक्रम के इतर कहा, ‘हमने जुलाई के लिए निर्धारित आंतरिक लक्ष्य को पार कर लिया है और एफसीएनआर-बी योजना के तहत 25 करोड़ अमेरिकी डॉलर जुटाए हैं।’

उन्होंने कहा कि बैंक ने गिफ्ट सिटी शाखा के माध्यम से यह राशि जुटाई है और आरबीआई की विशेष अदला-बदली सुविधा की अंतिम तिथि 30 सितंबर तक 40 करोड़ अमेरिकी डॉलर जुटाने का लक्ष्य रखा है।

अप्रैल-जून तिमाही के नतीजों की घोषणा के बाद कुमार ने 40 करोड़ अमेरिकी डॉलर जुटाने की उम्मीद जताई थी।

बैंक के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पहले कहा था कि एफसीएनआर-बी जमा के लिए पश्चिम एशिया और ऑस्ट्रेलिया के बाजारों पर ध्यान दिया जा रहा है। बैंक वर्तमान में तीन वर्ष की एफसीएनआर-बी जमा पर 6.50 प्रतिशत और पांच वर्ष की जमा पर 6.60 प्रतिशत ब्याज की पेशकश कर रहा है।

आरबीआई ने जून की मौद्रिक समीक्षा बैठक में विदेशी पूंजी का प्रवाह बढ़ाने और देश की बाह्य स्थिति मजबूत करने के लिए विशेष एफसीएनआर-बी सुविधा शुरू की थी।

भाषा योगेश अजय

अजय